'लोग कहते हैं तुम विराट की बहुत तारीफ करते हो...', कोहली को लेकर शोएब अख्तर ने कही दिल की बात
Shoaib Akhtar on Virat Kohli: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर भारतीय टीम के रन मशीन विराट कोहली को लेकर अक्सर अपनी बात रखते रहते हैं।

Shoaib Akhtar on Virat Kohli: पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर चर्चाओं में बने रहते हैं। शोएब अख्तर खिलाड़ियों की तीखी आलोचना करने के लिए जाने जाते हैं। यही वजह है कि कई बार उनके ही देश के पूर्व खिलाड़ियों से उनकी अनबन होने की खबर सामने आती रही है। पाकिस्तान के कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज बाबर आजम को लेकर अख्तर ने कहा था कि वह अंग्रेजी नहीं बोल पाता, इसलिए ब्रांड नहीं बन सका।

कोहली को लेकर कही थी संन्यास की बात
शोएब अख्तर पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली को लेकर भी अजीबो गरीब बयान देते रहते हैं। पिछले साल एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ कोहली के शतक को देखकर उन्होंने विराट को टी-20 से संन्यास लेने की सलाह दे डाली थी। जिसके बाद सोशल मीडिया पर अख्तर को जमकर ट्रोल भी किया गया था। कई मौकों पर अख्तर कोहली को लेकर बयानबाजी करते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक बार फिर विराट को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया है।

लोग कहते हैं तुम विराट की बहुत तारीफ करते हो...
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान विराट कोहली बल्ले से संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। पाकिस्तान के बोल न्यूज पर बातचीत के दौरान शोएब अख्तर ने कहा कि मैं विराट कोहली को लेकर बातें करता हूं उसके पीछे कारण है। लोग कहते हैं तुम विराट की बहुत तारीफ करते हो, मैं कहता हूं कैसे ना करूं। मैं अपने एक दोस्त के साथ विराट कोहली के बारे में बात कर रहा था कि किस तरह कप्तानी छोड़ने के बाद विराट कोहली के टी-20 खेलने का अंदाज बदल गया है।

सचिन तेंदुलकर से तुलना पर कही यह बात
शोएब अख्तर ने बताया कि सचिन तेंदुलकर दुनिया के बेस्ट बल्लेबाज हैं लेकिन एक कप्तान के तौर पर उन्हें हार का भी सामना करना पड़ा है। इसी वजह से उन्हें खुद कप्तानी छोड़नी पड़ी थी। विराट कोहली के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। कप्तानी छोड़ने के बाद विराट कोहली का माइंड फ्री हो गया तब उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप पर राज किया। आपको ये भी देखना होगा कि विराट कोहली के 40 शतक रन चेज में आए। इसके साथ ही अख्तर ने उम्मीद जताई कि कोहली आने वाले समय में कई और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने में सफल रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications