IPL 2025 के बीच मुंबई इंडियंस का पूर्व खिलाड़ी रेप केस में गिरफ्तार, प्यार में धोखा देने का आरोप
आईपीएल 2025 के बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मुंबई इंडियंस के पूर्व खिलाड़ी और बड़ौदा के ऑलराउंडर शिवालिक शर्मा को राजस्थान पुलिस ने रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है।
26 वर्षीय खिलाड़ी पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। यह मामला जोधपुर के कुड़ी भगतासनी थाना क्षेत्र में दर्ज हुआ है।

कौन हैं शिवालिक शर्मा?
शिवालिक शर्मा एक बाएं हाथ के बल्लेबाज और लेग स्पिन ऑलराउंडर हैं, जिन्होंने 2018 में बड़ौदा के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने 18 फर्स्ट क्लास मैचों में 1,087 रन बनाए हैं। टी20 में उनके नाम 349 रन हैं, जबकि लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 322 रन बनाए हैं। आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें ₹20 लाख में खरीदा था, लेकिन वह एक भी मैच नहीं खेले और बाद में टीम से रिलीज कर दिए गए।
शिकायतकर्ता का दावा: प्यार, सगाई और फिर धोखा
शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि फरवरी 2023 में वडोदरा की एक यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात शिवालिक से हुई थी। इसके बाद दोनों में करीबी बढ़ी और अगस्त 2023 में सगाई भी हो गई, जिसमें दोनों परिवार शामिल थे। लेकिन सगाई के बाद शारीरिक संबंध और कई यात्राएं करने के बावजूद शिवालिक ने शादी से इनकार कर दिया।
अगस्त 2024 में जब महिला वडोदरा गई, तो शिवालिक के परिवार ने उन्हें बताया कि वे बेटे के लिए अन्य विवाह प्रस्तावों पर विचार कर रहे हैं। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद राजस्थान पुलिस ने शिवालिक को वडोदरा से हिरासत में लिया और जोधपुर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया और बयान दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications