माइकल वॉन ने बताया कौन बने भारत का अगला कप्तान, बोले- मैं उसके सिवा दूसरा नाम सोच भी नहीं सकता
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का फाइनल मैच रविवार को खेला गया, जहां पर पहली बार इस टूर्नामेंट का हिस्सा बन रही गुजरात टाइटंस की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से जीत हासिल की और चैम्पियन बन गई। हार्दिक पांड्या ने अपनी टीम की कमान संभालते हुए फाइनल मैच में जबरदस्त प्रदर्शन किया और पहले गेंद से और फिर बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी टीम को पहला खिताब जिताने में मदद की। हार्दिक पांड्या ने इस मैच में 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किये तो वहीं पर बल्ले से भी 34 रनों की पारी खेली।

गुजरात टाइटंस के पहला खिताब जीतने पर दुनिया भर से कप्तान हार्दिक पांड्या को बधाइयां मिल रही हैं और उनकी कप्तानी को भी सराहा जा रहा है। इस फेहरिस्त में न सिर्फ भारतीय क्रिकेट के पूर्व खिलाड़ी शामिल हैं बल्कि कई विदेशी भी शामिल हैं जो कि हार्दिक पांड्या की कप्तानी के दीवाने हो गये हैं।

माइकल वॉन ने की हार्दिक की जमकर तारीफ
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी हार्दिक पांड्या की जमकर तारीफ की है और कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के भविष्य के कप्तान के तौर पर मैं इस हरफनमौला खिलाड़ी से आगे किसी और को नहीं देख पा रहा हूं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गये इस फाइनल मैच में गुजरात टाइटंस की टीम ने न सिर्फ राजस्थान रॉयल्स को हराया बल्कि लीग स्टेज में भी अंकतालिका में भी उसने पहला पायदान हासिल किया था। हार्दिक पांड्या ने जिस तरह से टीम का नेतृत्व किया उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के भविष्य के कप्तान के रूप में अपनी दावेदारी पेश कर दी है।

मैं हार्दिक से आगे किसी दूसरे को कप्तान नहीं देख सकता
उल्लेखनीय है कि रोहित शर्मा फिलहाल भारतीय क्रिकेट टीम के तीनों प्रारूप की कप्तानी संभाल रहे हैं, हालांकि चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट ने साफ कर दिया है कि वो इस दौरान भारतीय टीम के भविष्य के कप्तान को तैयार करने पर काम कर रही है, जिसके लिये उसने केएल राहुल, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह पर ध्यान देने का फैसला किया है, लेकिन जिस तरह से हार्दिक पांड्या ने आईपीएल में पहली बार कप्तानी करते हुए न सिर्फ टीम को जिताया बल्कि अपनी कप्तानी का हुनर भी दिखा दिया।
आईपीएल में हार्दिक पांड्या के खिताब जीतने के कुछ घंटों बाद माइकल वॉन ने ट्वीट करते हुए लिखा,'एक नई फ्रैंचाइजी के साथ यह उनके लिये खास उपलब्धि है। अगर भारतीय टीम को आने वाले कुछ समय में कप्तान की जरूरत है तो मैं हार्दिक पांड्या से आगे किसी और को नहीं देख पा रहा। शाबाश गुजरात...आईपीएल 2022।'

हार्दिक की कप्तानी में सबने अच्छा प्रदर्शन किया
गुजरात टाइटंस के गेंदबाजी कोच आशीष नेहरा ने भी खिताबी जीत के बाद कहा कि किसी भी नई टीम के लिये पहले ही सीजन खिताब जीतकर पोडियम पर टॉप पर पहुंचना आसान नहीं होता लेकिन हार्दिक पांड्या की कप्तानी में लड़कों ने शानदार प्रदर्शन किया और काफी अच्छे तरीके से एक-दूसरे के साथ घुल मिल गये और आईपीएल के ओपनिंग सीजन को अपने नाम कर लिया।
भारत के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा,'यह काफी अच्छी फीलिंग है लेकिन खिताब जीतने के अलावा यह ज्यादा जरूरी है कि हम कैसे खेलते है और जिस तरह से हमने क्वालिफाई किया, वह देखना काफी शानदार रहा। पहला साल किसी के लिये आसान नहीं होता है और सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और हार्दिक की कप्तानी में सब एक दूसरे के साथ अच्छे से घुले-मिले।'












Click it and Unblock the Notifications