'पंजाब में रजिस्ट्री के लिए 28 अफसरों को देनी पड़ी रिश्वत', IPL के बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर का बड़ा खुलासा
Punjab land registration: पूर्व भारतीय क्रिकेटर पुलकित शर्मा का एक सोशल मीडिया पोस्ट फैंस के बीच तेजी से वायरल हो रहा रहा है। पुलकित ने आरोप लगाया है कि पंजाब में अपनी ही वैध जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए उन्हें तहसीलदार समेत 28 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों को रिश्वत देनी पड़ी। इस कड़वे अनुभव को शेयर करने के बाद बढ़ते विवाद को देख उन्होंने अपना एक्स अकाउंट भी डीएक्टिवेट कर दिया है।
पुलकित शर्मा के पोस्ट से मचा बवाल (Punjab land registration)
पुलकित शर्मा ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने जो जमीन खरीदी थी। उसका पूरा भुगतान व्हाइट पैसे में किए थे और सभी दस्तावेज कानूनी रूप से सही थे। इसके बावजूद उनकी फाइल को आगे बढ़ाने के लिए उनसे रिश्वत की मांग की गई। पुलकित के मुताबिक उनके वकील ने स्पष्ट कह दिया था कि यहां तहसील में चपरासी से लेकर बड़े अधिकारियों तक सबका रेट फिक्स है। अगर एक भी कदम गलत पड़ा तो फाइल महीनों के लिए अटक जाएगी।

काम कराने के लिए 28 लोगों को देने पड़े पैसे
उन्होंने दावा किया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान उन्हें छोटे-बड़े 28 कर्मियों को पैसे देने पड़े, तब जाकर काम हुआ। पूर्व क्रिकेटर ने सिस्टम की खामियों पर बात करते हुए कहा कि तहसील दफ्तरों के बाहर एजेंट और बिचौलिए खुलेआम घूमते हैं। पुलकित ने आरोप लगाया कि अधिकारी जानबूझकर देरी से दफ्तर आते हैं और फाइलों पर बेवजह के ऑब्जेक्शन लगाते हैं। जब तक रिश्वत नहीं दी जाती तब तक फाइल एक मेज से दूसरी मेज पर घूमती रहती है।
विवाद बढ़ता देख बंद किया अकाउंट
उन्होंने कहा कि ऐसा माहौल एनआरआई (NRI) और नए निवेशकों को पंजाब से दूर ले जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि पंजाब में निवेश करना अपराध जैसा महसूस होता है। पुलकित की पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया दो गुटों में बंट गया। कुछ लोगों ने उनकी हिम्मत की दाद दी, तो कुछ ने सवाल उठाया कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने के बजाय रिश्वत क्यों दी। पुलकित ने जवाब देते हुए कहा कि उनके पास सीमित समय था और वे बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं काट सकते थे। हालांकि, विवाद बढ़ता देख उन्होंने अपना अकाउंट बंद करने का फैसला लिया।












Click it and Unblock the Notifications