सोशल मीडिया पर सूर्यकुमार यादव को पड़ रही हैं गालियां, लोगों ने कहा- अब तो संजू सैमसन को लाना ही होगा
सूर्यकुमार यादव के खराब प्रदर्शन को देखने के बाद फैंस ने अब संजू सैमसन को खिलाने की मांग उठाई है। संजू सैमसन को सीमित अवसर मिले हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में टीम इंडिया 117 रन पर ऑलआउट हो गई है। कंगारूओं की घातक गेंदबाजी के आगे भारतीय बल्लेबाज ऐसे बेबस नजर आए कि पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढहती चली गई। केएल राहुल, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या जैसे धुरंधर खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए। सबसे ज्यादा निराशा ते सूर्यकुमार यादव के विकेट से हुई, क्योंकि वो लगातार दूसरी बार गोल्डन डक का शिकार हुए। पिछले मैच में भी वो पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। सूर्यकुमार यादव के इस प्रदर्शन के बाद फैंस ने टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। टी20 में लगातार अच्छा करने वाले सूर्यकुमार को वनडे टीम में जगह बनाने के लिए लगातार मौके मिल रहे हैं, लेकिन वो अभी तक ऐसा करने में असफल रहे हैं।
संजू को मौका दिए जाने की फिर उठी मांग
सूर्यकुमार यादव के फॉर्म को लेकर फैंस ने एकबार फिर सवाल उठाए हैं और टीम से बाहर चल रहे संजू सैमसन को मौका दिए जाने की मांग की है। सोशल मीडिया पर फैंस सूर्या की टीम में जगह को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। आपको बता दें कि मिडिल ऑर्डर में श्रेयस अय्यर इस वक्त चोटिल हैं और उनकी जगह सूर्यकुमार यादव को मौका दिया जा रहा है। पहले खबर यह थी कि श्रेयस की जगह संजू सैमसन को टीम में शामिल किया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। टीम इंडिया श्रेयस के बिना रिप्लेसमेंट के ही खेल रही है और सूर्यकुमार को भरपूर मौके मिल रहे हैं।
संजू और सूर्या की पिछली कुछ वनडे पारियां
सूर्यकुमार यादव वनडे में लगातार खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो वनडे में वो गोल्डन डक पर आउट हुए हैं। उनके बल्ले से रन निकलना तो दूर उनका क्रीज पर टिकना भी मुश्किल हो रहा है। सूर्यकुमार की वनडे में पिछली 10 पारियों पर एक नजर डालें तो वो सिर्फ 3 बार डबल डिजीट का स्कोर बना पाए हैं। सूर्या की पिछली 10 पारियां कुछ इस प्रकार हैं- 0, 0, 14, 31, 4, 6, 34, 4, 8, 9। सूर्या के इन नंबर्स को देखने के बाद हर कोई यही चाहेगा कि उनकी जगह संजू सैमसन को मौका दिया जाए, क्योंकि संजू को जब-जब मौका मिला है तब-तब उन्होंने रन बनाए हैं। वनडे में उनकी पिछली 8 पारियों पर नजर डालें तो दिखेगा उन्होंने 2 बार हाफ सेंचुरी सेंचुरी लगाई है और तीन बार उन्होंने 30+ का स्कोर किया है।












Click it and Unblock the Notifications