Explainer: आईपीएल में मैच फीस का जुर्माना कौन भरता है? क्या खिलाड़ी की नीलामी वाली रकम से कटता है पैसा
Explainer: आईपीएल में कई तरह के अपराधों की वजह से एक खिलाड़ी के ऊपर फाइन लगाया जाता है। इस सीजन भी कई बार कप्तानों और प्लेयर्स के ऊपर मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। लखनऊ सुपर जायंट्स के स्पिनर दिग्वेश राठी को उनके बर्ताव की वजह से तीन बार जुर्माने का सामना करना पड़ा है।
इसके अलावा धीमे ओवर रेट को लेकर भी कई खिलाड़ियों के ऊपर जुर्माना लगाया गया है। अब सवाल यह भी आता है कि आईपीएल में मैच फीस का जुर्माना कैसे लगता है। पैसे कहां से आते हैं। यह भी बड़ा सवाल है कि क्या अमाउंट नीलामी में मिली रकम से काटा जाता है।

इसका जवाब जानने के लिए सबसे पहले मैच फीस के बारे में जानना आवश्यक हो जाता है। मैच फीस और प्लेयर के अनुबंध में फर्क होता है। अनुबंध राशि नीलामी या रिटेंशन के दौरान तय होती है, जो हर टीम अपने प्लेयर को देती है। हर सीजन इस रकम में बदलाव हो सकता है।
हर प्लेयर को मिलती है मैच फीस
इसके अलावा मैच फीस भी होती है। हर खिलाड़ी को मुकाबले के लिए 7.5 लाख रुपये की मैच फीस मिलती है। सभी लीग मैचों के लिए यह धन राशि एक करोड़ से ज्यादा होती है। अब इस रकम में से खिलाड़ी के ऊपर लगा फाइन भरा जाता है, जो प्रतिशत के हिसाब से होता है। अगर किसी प्लेयर के ऊपर 50 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। तो यह 3 लाख 75 हजार रुपये होता है।
फाइन की रकम प्लेयर की फीस से काट ली जाती है, अगर उसकी फ्रेंचाइजी यह रकम भरना चाहे, तो वह भी हो सकता है। बताया जाता है कि कोहली और गौतम गंभीर के बीच आईपीएल में हुई कहासुनी के बाद दोनों पर जुर्माना लगा था। खबरों के अनुसार उस दौरान कोहली का जुर्माना फ्रेंचाइजी ने भरा था।
कप्तान के ऊपर मैच फीस के फाइन का क्या?
कप्तानों के ऊपर भी कई बार धीमे ओवर रेट की वजह से फाइन लगाया जाता है, उसकी भरपाई भी मैच फीस से की जाती है। 12 लाख की रकम दो मैचों की फीस से ली जा सकती है। 7.5 लाख के बाद की रकम फ्रेंचाइजी भी दे सकती है। कप्तान की ऑक्शन सैलरी से अमाउंट नहीं जाता है, वहां कोई कटौती नहीं होती है।
कटौती की राशि कहां जाती है
फाइन से मिलने वाली रकम बीसीसीआई के पास जाती है। इसका उपयोग कहाँ किया जाता है, इसकी कोई साफ़ जानकारी प्रदान नहीं की गई है। प्रशासन के कामों, क्रिकेट के विकास के कार्यों में इस राशि को उपयोग में लिया जा सकता है। आईपीएल के इस सीजन में भी कई कप्तानों के ऊपर फाइन लगा है।












Click it and Unblock the Notifications