Explained: अगर बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप छोड़ दे तो क्या होगा? किस टीम को मिलेगा खेलने का मौका?
भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेटिंग रिश्ते अब खराब हो गए हैं। बांग्लादेश ने आईसीसी से अनुरोध करते हुए अपने मुकाबले भारत से बाहर श्रीलंका में आयोजित कराने की इच्छा जताई है। हालांकि आईसीसी की तरफ से फ़िलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है।
एक ही दिन में काफी कुछ बदल गया। मुस्तफिजुर रहमान को एक दिन पहले ही केकेआर से बाहर किया गया था। इस मामले को देखते हुए बांग्लादेश सरकार हरकत में आई और बीसीबी ने तुरंत मीटिंग कर भारत में टीम नहीं भेजने का फैसला कर लिया।

बीसीबी ने सुरक्षा कारणों से टीम को भारत नहीं भेजने की बात कही है लेकिन असल में दोनों देशों के बीच चल रहे टकराव के कारण ऐसा हुआ है। पाकिस्तान का भी इसमें बड़ा हाथ है। अब देखना यह है कि आईसीसी क्या ऑप्शन देख सकती है। अगर बांग्लादेश की टीम इवेंट में नहीं खेलेगी, तो कौन रिप्लेस करेगा। बांग्लादेश के तीन मुकाबले कोलकाता और एक मैच मुंबई में प्रस्तावित है।
वेन्यू बदलने का विकल्प
बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों को भारत से हटाकर श्रीलंका में आयोजित किए जाने की संभावना है। यह भारत और पाकिस्तान के बीच हुई डील जैसा है, जिसमें संवेदनशील दौरों को लेकर वैकल्पिक वेन्यू तय करने की नीति अपनाई गई थी। इसी नीति के चलते भारतीय टीम ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान की यात्रा नहीं की थी, जबकि पाकिस्तान ने अपने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के सभी मैच श्रीलंका में खेलने का विकल्प चुना था। इससे पहले 2025 महिला विश्व कप में भी पाकिस्तान ने यही किया था।
दूसरी टीमों को पॉइंट्स देने का ऑप्शन
अगर बांग्लादेश भारत में मैच खेलने से मना करता है, तो उसे अपने सभी मुकाबलों में वॉकओवर देना पड़ सकता है और विरोधी टीमों को सीधे दो अंक मिल जाएंगे। ऐसा पहले भी हुआ है। 1996 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने श्रीलंका का दौरा नहीं किया था, जबकि 2003 विश्व कप में न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड ने सुरक्षा कारणों से केन्या और ज़िम्बाब्वे नहीं जाने का फैसला किया था, जिसके चलते उन्हें वॉकओवर देना पड़ा था।
दूसरी टीम भी आ सकती है
अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट नहीं खेलता, तो उसकी जगह किसी दूसरी टीम आ सकती है। ऐसा पहले 2016 अंडर-19 वर्ल्ड कप में हुआ था, जब ऑस्ट्रेलिया बांग्लादेश नहीं गया और उनकी जगह आयरलैंड को लिया गया। अभी यह तय नहीं है कि कौन बांग्लादेश की जगह खेलेगा।












Click it and Unblock the Notifications