'उम्र हो गई तेरी, शादी कर ले भाई...', फ्लॉप प्रदर्शन के बाद बाबर आजम को मिली ये खास सलाह
Babar Azam Latest News: बाबर आज़म की बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों पर ही लगातार सवाल उठाये जा रहे हैं। बांग्लादेश के खिलाफ उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम को दोनों ही मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद पाकिस्तान के घरेलू चैंपियंस लीग वनडे कप में किसी भी टीम का कप्तान नहीं बनाया गया। जियो न्यूज के अनुसार रिपोर्ट्स बताती हैं कि वह वनडे और टी 20 टीमों की कप्तानी खो सकते हैं।
बाबर आजम को मिली ये खास सलाह
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने बाबर आजम को अपनी फॉर्म वापस पाने में मदद के लिए एक अनोखी सलाह दी है। बासित ने सुझाव दिया कि बाबर को जल्द ही शादी करने के बारे में सोचना चाहिए। उनका मानना है कि शादी के बाद बाबर आजम के प्रदर्शन पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।

बासित अली का बयान वायरल
बासित अली ने बाबर की शादी को उनके क्रिकेटिंग फॉर्म से जोड़ा। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि बाबर को अपने माता-पिता से इस बारे में बात करनी चाहिए और शादी कर लेनी चाहिए। बासित ने कहा कि एक बड़े भाई के तौर पर मैं चाहता हूं कि वह शादी कर ले क्योंकि अब तुम (बाबर) बूढ़े हो गए हो भाई।
मुश्किल दौर से गुज़र रहे हैं बाबर
बाबर आज़म इस समय अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के मुश्किल दौर से गुज़र रहे हैं। 29 वर्षीय बाबर ने बांग्लादेश के खिलाफ़ टेस्ट सीरीज़ में निराशाजनक प्रदर्शन किया था, जिसमें उन्होंने चार पारियों में 16 की औसत से केवल 64 रन बनाए थे। बाबर आजम का आखिरी टेस्ट अर्धशतक दिसंबर 2022 में कराची में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ था।
पाकिस्तान क्रिकेट के लिए चेतावनी
बासित अली ने बांग्लादेश से पाकिस्तान की हार पर भी टिप्पणी की और इसे टीम के लिए चेतावनी बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान को भविष्य में सुधार के लिए इस हार से सबक लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए चेतावनी है। वे इससे नीचे नहीं गिर सकते।
उन्होंने आगे कहा कि अगर पाकिस्तान इस हार के बाद भी नहीं सुधरता है तो उसे नेपाल और अफ़गानिस्तान जैसी टीमों के खिलाफ़ ही टेस्ट सीरीज़ खेलने पर विचार करना चाहिए। बासित का मानना है कि इस हार से मिली सीख से पाकिस्तान क्रिकेट को आगे चलकर फ़ायदा होगा।












Click it and Unblock the Notifications