'ऑस्ट्रेलिया टीम की दुर्गति के लिए टी20 क्रिकेट है जिम्मेदार', पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने दिया बड़ा बयान
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज माइक हसी ने कहा है कि दिल्ली टेस्ट में हमारे बल्लेबाजों ने गलत शॉट सेलेक्शन के कारण मैच गंवाया और इसके लिए टी20 क्रिकेट जिम्मेदार है।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की टीम लगातार दो टेस्ट मैच हार चुकी है। पहले नागपुर में टीम इंडिया ने एक पारी और 132 रनों से ऑस्ट्रेलिया को धोया था और उसके बाद दिल्ली में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलियो को 6 विकेट से मात दी। इन दो जीत के साथ टीम इंडिया अब 4 टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है। इस बीच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज माइक हसी ने ऑस्ट्रेलिया टीम के खराब प्रदर्शन के लिए टी20 क्रिकेट को जिम्मेदार माना है। माइक हसी ने कहा है कि दिल्ली टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का पतन उनके खराब शॉट सेलेक्शन की वजह से हुआ था और इसके लिए टी20 क्रिकेट जिम्मेदार है।
टी20 क्रिकेट की वजह से फ्लॉप हुई रणनीति- हसी
फॉक्स क्रिकेट से बात करते हुए माइक हसी ने बताया कि दिल्ली टेस्ट में हमारे बल्लेबाजों ने स्वीप शॉट और रिवर्स स्वीप का सबसे अधिक इस्तेमाल किया। मेरा यह मानना है कि भारतीय स्पिनरों के सामने यह रणनीति एकदम उल्टी साबित हुई है और हमारे बल्लेबाज स्वीप और रिवर्स स्वीप इसलिए अधिक खेल रहे थे क्योंकि उन्होंने टी20 क्रिकेट अधिक खेला है। आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया की इस रणनीति को अश्विन और जडेजा की जोड़ी ने नेस्तनाबूत कर दिया था। दोनों गेंदबाजों ने ही मिलकर ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में सभी 10 बल्लेबाजों को आउट किया था।
क्या कहा है हसी ने?
माइक हसी ने ऑस्ट्रेलिया टीम के प्रदर्शन को लेकर कहा कि हां मुझे लगता है कि गलत शॉट सेलेक्शन के लिए टी20 क्रिकेट जिम्मेदार है, मेरा मतलब है कि हम इसे उन शॉर्ट-फॉर्म गेम्स में बहुत अधिक देख रहे हैं। हम रैंप और सभी प्रकार के अलग-अलग शॉट देख रहे हैं, जो हमने 10-15 साल पहले कभी नहीं देखे होंगे। आप जानते हैं कि यह एक निष्पक्ष टिप्पणी है। हसी ने कहा कि स्वीप शॉट को आप कब चुनते हैं, जब आपके पास यह शॉट होना चाहिए, वैसे यह शॉट होना चाहिए लेकिन इसे सही समय पर सही परिस्थितियों में सही प्रकार के गेंदबाज के खिलाफ खेलना चाहिए और मुझे नहीं लगता कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने ऐसा किया है।












Click it and Unblock the Notifications