4 साल पहले इंग्लैंड को किया 85 पर आउट, आज भी आयरलैंड देगी टक्कर, रूट बनाएंगे बड़ा रिकॉर्ड
लॉर्ड्स में चार साल पहले खेले गए टेस्ट मैच में आयरलैंड की टीम ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी थी। इस बार भी कुछ वैसा ही हो सकता है।

England vs Ireland: लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड और आयरलैंड के बीच टेस्ट मैच का आयोजन आज से हो रहा है। इंग्लैंड की टीम अपने मैदानों पर इस फॉर्मेट में मास्टर है। ऐसे में आयरलैंड के लिए काम आसान नहीं कहा जा सकता है। हालांकि पिछले रिकॉर्ड तो देखते हुए आयरलैंड एक कड़ी टक्कर इंग्लिश टीम को दे सकती है।
आयरलैंड और इंग्लैंड के बीच अब तक एक ही टेस्ट खेला गया है। पिछली बार दोनों टीमों के बीच 2019 में मुकाबला खेला गया था। इस तरह चार साल के बाद दोनों टीमों के बीच लाल गेंद से मुकाबला हो रहा है। पिछले मुकाबले में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की थी लेकिन आयरिश टीम का धाकड़ प्रदर्शन रहा था।
इंग्लैंड और आयरलैंड हेड टू हेड
इंग्लैंड और आयरलैंड के हेड टू हेड में इंग्लिश टीम आगे है। दोनों टीमों के बीच हुए एकमात्र मुकाबले में इंग्लैंड ने 143 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया था। उस समय भी मुकाबला लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर ही खेला गया था।
आयरलैंड ने इंग्लैंड को 85 पर आउट किया था
आयरलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट मुकाबले में धमाका कर दिया था। इंग्लैंड टीम महज 85 रनों पर आउट हो गई थी। आयरलैंड की चर्चा क्रिकेटिंग वर्ल्ड में होने लगी थी। इंग्लैंड के तीन बल्लेबाज पहली पारी में खाता नहीं खोल पाये थे। टिम मुर्ताग के खिलाफ इंग्लिश टीम बिखर गई थी।
आयरलैंड की धाकड़ गेंदबाजी
आयरलैंड के लिए टिम मुर्ताग ने पहली पारी में धमाका किया था। उन्होंने 5 विकेट अपने नाम किये थे। उनके अलावा मार्क अडायर भी चमके थे। अडायर ने 3 विकेट अपने नाम किये थे। एक और गेंदबाज रैंकिन ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने पहली पारी में 2 विकेट झटके।
बैलबर्नी की फिफ्टी और आयरलैंड ने ली बढ़त
बल्लेबाजी में आयरलैंड के खिलाड़ी भी कुछ खास नहीं कर पाये थे लेकिन बैलबर्नी ने एक छोर पर खड़े रहकर फिफ्टी जमा दी थी। उन्होंने 55 रनों की पारी खेली। आयरलैंड 207 रन बनाकर आउट हुई और पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल कर ली। इंग्लैंड के लिए ब्रॉड ओली स्टोन और सैम करन ने 3-3 विकेट झटके।
दूसरी पारी में इंग्लैंड ने बढ़त हासिल कर जीत दर्ज की
पहली पारी में पिछड़ने के बाद इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में जैक लीच ने 92 रन बनाये। उनके अलावा जेसन रॉय ने 72 रन जड़े। निचले क्रम से सैम करन ने 37 रन बनाकर टीम को 303 के स्कोर तक पहुंचा दिया। 182 के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड दूसरी पारी में 38 पर सिमट गई। इस तरह इंग्लैंड ने मैच जीतकर अपनी प्रतिष्ठा बचा ली।
इस बार जो रूट बड़े कीर्तिमान की तरफ
जो रूट इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाजों में से एक हैं। वह 11000 रनों का आंकड़ा प्राप्त करने से महज 52 रन दूर हैं। वह फिफ्टी जड़ते ही यह आंकड़ा हासिल कर लेंगे। इसके अलावा इंग्लैंड के लिए सबसे तेज 11000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। एलिस्टर कुक ने 252 पारियों में 11 हजार रन बनाये थे। रूट ने अभी 237 पारियां खेली हैं।












Click it and Unblock the Notifications