सहायक कोच ग्राहम थोर्प ने भी दिया इस्तीफा, जो रूट की कप्तानी पर ECB ने लिया ये फैसला
नई दिल्लीः एशेज में हारने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड कड़े मूड में है। उसने पहले तो मैनेजिंग डायरेक्टर एशले जाइल्स को बाहर का दरवाजा दिखाया, फिर हेड कोच क्रिस सिल्वरवुड को भी बर्खास्त कर दिया। अब इंग्लैंड के सहायक कोच ग्राहम थोर्प ने एशेज हार के बाद खुद ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। माना यही जा रहा है कि थोर्प भी माहौल भांपकर निकलने में ही भलाई समझने वाले इंसान हैं। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एशेज में इंग्लैंड टीम ऑस्ट्रेलिया में 0-4 से हार गई थी।

इस बीच, एंड्रयू स्ट्रॉस ने कुछ समय के लिए मैनेजिंग डायरेक्टर पदभार संभाला है। उन्होंने पुष्टि की है कि जो रूट टेस्ट टीम के कप्तान के रूप में बने रहेंगे। मेलबर्न में जहां बॉक्सिंग डे टेस्ट खेला गया था, तब टीम की हार के बाद रूट की कप्तानी पर बहुत सारे सवाल उठाए गए थे। लेकिन रूट खुद स्पष्ट थे कि वह कप्तानी जारी रखना चाहते हैं और उन्हें अपने साथियों का समर्थन भी मिला है। दूसरी ओर, एक सच यह भी है कि कई क्रिकेट दिग्गजों की नजर में जो रूट कभी भी अच्छे लीडर नहीं हैं। शायद बल्ले से रूट की प्रचंड फॉर्म ने उनको कप्तान के पद पर अभी बचा लिया है।
स्ट्रॉस ने स्काई स्पोर्ट्स के अनुसार कहा "रूट से बात करने के बाद, यह बिल्कुल स्पष्ट है कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम को आगे ले जाने के लिए उनकी प्रतिबद्धता कितनी है। ऐसा करने के लिए उनको जबरदस्त प्रेरणा और ऊर्जा मिली है। एशेज में जो कुछ भी हुआ उससे वह बहुत निराश है लेकिन टीम के खिलाड़ी अभी भी उसका सम्मान करते हैं, वे सभी उसके लिए खेलते हैं और जाहिर है कि वह मैदान के बाहर भी शानदार उदाहरण स्थापित करते हैं।"
एंड्रयू स्ट्रॉस ने सहायक कोच के रूप में ग्राहम थोर्प को भी धन्यवाद दिया। ईसीबी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, उन्होंने कहा, "मैं इंग्लैंड के कोचिंग स्टाफ पर कई वर्षों तक काम करने के लिए ग्राहम को धन्यवाद देना चाहता हूं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"
थोर्प भी खुद को भाग्यशाली मानते थे कि उन्होंने इस दौरान ड्रेसिंग रूम में अपना समय बिताया। उन्होंने कहा, "मैं बहुत भाग्यशाली रहा हूं कि इतने अच्छे खिलाड़ियों और कोचों के साथ काम किया, जिन्हें मैं जीवन भर अपना दोस्त मानता हूं।"












Click it and Unblock the Notifications