सुरेश रैना और शिखर धवन की 11.14 करोड़ की संपत्ति अटैच, क्यों हुई है इतनी बड़ी कार्रवाई?
Suresh Raina and Shikhar Dhawan: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भारत के दो पूर्व क्रिकेटरों पर एक्शन लिया है, मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम 2002 के तहत अस्थायी रूप से उनकी संपत्ति को अटैच किया गया है। खबरों के अनुसार सुरेश रैना के 6.64 करोड़ के म्यूचुअल फंड और शिखर धवन की 4.5 करोड़ की अचल संपत्ति इसमें शामिल है। ED ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है।
पिछले कुछ समय से इस मामले में चीजें चल रही थीं और अब ईडी ने जांच आगे बढाने की दिशा में यह कदम उठाया है। इस वजह से संपत्ति को अटैच करने की कार्रवाई हुई है।

क्या है पूरा मामला?
यह कार्रवाई एक ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी है। ED की जांच में सामने आया है कि इस ऐप से जुड़े कुछ वित्तीय लेन-देन और एंडोर्समेंट फीस कथित तौर पर "क्राइम प्रोसीड्स" यानी अवैध कमाई के तहत आती हैं।
जांच एजेंसी का कहना है कि इन फंड्स को वैध निवेश के रूप में दिखाया गया था, जबकि वास्तव में यह अवैध गतिविधियों से अर्जित की गई रकम थी। इसी कारण ED ने इन संपत्तियों को PMLA की धारा 5 के तहत अस्थायी रूप से अटैच किया है।
ED की कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया
ED ने दोनों खिलाड़ियों से पूछताछ की है और उनके वित्तीय लेनदेन का गहन विश्लेषण किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रोविजनल अटैचमेंट है, जिसका मतलब है कि संपत्ति पर फिलहाल रोक लगाई गई है और कोर्ट में पेश सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।
खिलाड़ियों की तरफ से कोई बयान नहीं
इस कार्रवाई के बाद अब तक सुरेश रैना और शिखर धवन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। दोनों खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट के दिग्गज नामों में शामिल रहे हैं, रैना ने 2011 के वर्ल्ड कप विजेता स्क्वाड का हिस्सा रहकर देश को गौरवान्वित किया, जबकि धवन ने कई आईसीसी टूर्नामेंटों में भारत को मजबूत शुरुआत दी। अब देखना होगा कि आगे जांच किस दिशा में जाती है और क्या इन दोनों खिलाड़ियों को किसी तरह की कानूनी राहत मिलती है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications