VIDEO: आखिरी ओवर में हार्दिक पंड्या ने छक्का जड़ दिलाई जीत, दिनेश कार्तिक ने झुककर किया सलाम
हार्दिक पंड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर छक्का जड़ टीम को जीत दिलाई। ऐसा कारनामा लंबे समय तक पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टीम के लिए करते रहे हैं।
नई दिल्ली, 29 अगस्त। हार्दिक पंड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर छक्का जड़ टीम को जीत दिलाई। ऐसा कारनामा लंबे समय तक पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टीम के लिए करते रहे हैं। लेकिन अब यह जिम्मेदारी हार्दिक पंड्या ने अपने कंधों पर ले लिया है। वह टीम के लिए मैच फिनिशर की भूमिका बखूबी अंदाज में निभा रहे हैं।
हार्दिक पांड्या ने जड़ा जोरदार छक्का
हार्दिक पांड्या पाकिस्तान के खिलाफ विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की। स्ट्राइक रेट के मामले में उन्होंने इस मुकाबले में भारत के सभी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया था। वह पहली गेंद से ही आक्रमक रवैये में बल्लेबाजी करते नजर आए। हार्दिक ने 19वें ओवर में तीन चौके जड़कर भारत की जीत को और आसान करने का काम किया। वहीं आखिरी ओवर में छक्का जड़ उन्होंने टीम को जीत दिला दी।

दिनेश कार्तिक ने झुकाया अपना सिर
हार्दिक पंड्या का छक्का देखकर दिनेश कार्तिक बेहद खुश नजर आए। हार्दिक का विनिंग शॉट देखकर दिनेश कार्तिक ने उनके सामने सिर झुका लिया। सोशल मीडिया पर दिनेश कार्तिक का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दिनेश कार्तिक ने मैच खत्म होने के बाद इस पल की एक तस्वीर को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस के साथ शेयर की है।

पिछले एक साल में बदला है पंड्या का अंदाज
आईपीएल 2022 से पहले फिटनेस और फॉर्म से जूझ रहे हार्दिक पंड्या ने वापसी करते हुए जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया है। वह लगातार भारत के लिए गेंद और बल्ले दोनों से ही अपना कमाल दिखा रहे हैं। यही वजह है कि उन्हें टीम का मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर भी कहा जा रहा है। आने वाले अक्टूबर महीने में टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन होना है। जिसमें पंड्या टीम के लिए सबसे उपयोगी खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।

पंड्या ने गेंद और बल्ले दोनों से किया कमाल
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम 147 रनों पर ही ढेर हो गई थी। पाकिस्तान की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने अच्छी पारी खेली और 43 रन बनाए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 19.4 ओवर में पांच विकेट खोकर आसानी से स्कोर को हासिल कर लिया। भारत की ओर से पंड्या ने गेंद से तीन विकेट और बल्ले से जरूरी 33 रन बनाने का काम किया।












Click it and Unblock the Notifications