Dinesh Karthik ने किया संन्यास लेने का ऐलान, भावुक पोस्ट लिखकर कहा खेल को अलविदा
Dinesh Karthik Retirement: भारतीय टीम के लिए लम्बे समय तक खेलने वाले दिनेश कार्तिक ने अपने बूट टांगने का फैसला ले लिया। आईपीएल में आरसीबी के लिए अंतिम सीजन खेलने वाले दिनेश कार्तिक ने अब और आगे नहीं खेलने का फैसला सुना दिया है। सोशल मीडिया पर कार्तिक ने इसका ऐलान किया है।
दिनेश कार्तिक ने एक नोट लिखते हुए अपने संन्यास के बारे में बताया है। भारतीय टीम में कार्तिक ने साल 2004 में कदम रखा था। महेंद्र सिंह धोनी से भी पहले आए कार्तिक भारतीय टीम के लिए सभी फोर्मेट में खेले थे। उन्होंने अपने खेल से फैन्स का मनोरंजन करने में कमी नहीं छोड़ी।

कार्तिक ने लिखा कि मैं पिछले कुछ समय से सोच रहा था कि अब खेल से आगे बढ़ा जाए और इसलिए मैंने अपने संन्यास का फैसला लिया है। खेल के दिनों को पीछे छोड़ते हुए अब मैं नई चुनौतियों की तरफ जा रहा हूँ। मैं अपन सभी साथियों, कोचों, सलेक्टर्स को सपोर्ट के लिए धन्यवाद देता हूँ।
कार्तिक ने अपने माता-पिता को समर्थन का स्तम्भ कहा। उन्होंने कहा कि आज मैं जो भी हूँ, उनके समर्थन के बिना यह सम्भव नहीं था। इसके अलावा उन्होंने पत्नी दीपिका को भी अपना बड़ा सपोर्ट सिस्टम कहा। उन्होंने कहा कि खुद पेशेवर खिलाड़ी होने के बाद भी दीपिका मेरे लिए खुद के करियर को रोककर साथ खड़ी रहती थी। कार्तिक ने अपने तमाम फैन्स को भी धन्यवाद कहा।
दिनेश कार्तिक ने टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए कुल 26 मुकाबले खेले। इस दौरान उनके बल्ले से 1025 रन आए। कार्तिक ने 7 फिफ्टी और 1 शतक जमाया। एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने कुल 94 मुकाबले खेलकर 1752 रन बनाए। इसके अलावा टी20 में कार्तिक ने 60 मैचों में 686 रन बनाए।
टेस्ट क्रिकेट में विकेट के पीछे कार्तिक ने 57 कैच पकड़े और 6 स्टम्पिंग किये। इसी तरह एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने 64 कैच और 7 स्टम्पिंग किये। टी20 में उन्होंने 30 कैच पकड़े और 8 खिलाड़ियों को स्टम्पिंग किया।












Click it and Unblock the Notifications