गजब! 57 गेंदों में जड़ दिए 162 रन, रोहित शर्मा के साथी ने लगा दी चौकों-छक्कों की झड़ी
क्रिकेट का खेल ही ऐसा कि एक पारी में खिलाड़ी जीरो से हीरो बन जाता है। जिस तरह पिछले कुछ सालों से खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली को उनकी एक पारी ने वापस किंग का दर्जा दिलाने का काम किया।
Dewald Brevis smashes 162 runs off 57 ball: क्रिकेट का खेल ही ऐसा कि एक पारी में खिलाड़ी जीरो से हीरो बन जाता है। जिस तरह पिछले कुछ सालों से खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली को उनकी एक पारी ने वापस किंग का दर्जा दिलाने का काम किया। दक्षिण अफ्रीकी टी-20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर रहे डेवाल्ड ब्रेविस (Dewald Brevis) अब अपनी एक पारी के कारण सुर्खियों में आ गए हैं।

महज 57 गेंदों में बनाए 162 रन
दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने सोमवार को सीएसए टी20 चैलेंज के दौरान महज 57 गेंदों में 162 रन बनाकर सभी को हैरान कर दिया। सीएसए घरेलू टूर्नामेंट में टाइटंस की ओर से खेलने वाले डेवाल्ड ब्रेविस ने टी-20 फॉर्मेट में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने का कारनामा किया। डेवाल्ड ब्रेविस को 'बेबी एबी' के नाम से जाना जाता है, क्योंकि उनका खेलने का स्टाइल एबी डिविलियर्स से काफी मिलता है।

पारी के दौरान लगाए 13 चौके और 13 छक्के
डेवाल्ड ब्रेविस ने अपनी इस पारी के दौरान 13 चौके और 13 छक्के लगाए। ब्रेविस ने टाइटंस के लिए पारी की शुरुआत की और महज 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने केवल 18 गेंदों में अगले 50 रन बनाकर सिर्फ 35 गेंदों में शतक पूरा कर लिया। यह दक्षिण अफ्रीका में सबसे तेज घरेलू शतक था। उनकी इस पारी को देखने के बाद क्रिकेट के कई दिग्गज डेवाल्ड ब्रेविस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

रोहित शर्मा की टीम के लिए खेलते हैं आईपीएल
हालांकि, ब्रेविस टी-20 में क्रिस गेल की 175 रनों की ऐतिहासिक पारी को पीछे छोड़ने में नाकाम रहे। ब्रेविस की पारी की बदौलत टाइटंस ने अपने 20 ओवरों में 271 रनों की बना लिए थे। डेवाल्ड ब्रेविस पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी में वह एक बार फिर आईपीएल में धमाल मचाते नजर आ सकते हैं। मुंबई की टीम अपने इस विस्फोटक बल्लेबाज को इस साल भी टीम में बनाए रखने की कोशिश करेगी।












Click it and Unblock the Notifications