मैदान पर भयानक टक्कर! आपस में टकराए दो कीवी खिलाड़ी, अस्पताल में भर्ती दिग्गज भारत के खिलाफ ODI से बाहर
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। दोनों टीमें टी20 सीरीज के बाद अब 50 ओवर के प्रारूप में आमने-सामने होने के लिए तैयार हैं। सीरीज शुरू होने से ठीक पहले मेजबान न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
टीम के एक अनुभवी बल्लेबाज को चोट के कारण पहले मुकाबले से बाहर होना पड़ा है। यह घटना किसी मैच के दौरान नहीं, बल्कि अभ्यास सत्र में हुई, जहां दो खिलाड़ी कैच पकड़ने की कोशिश में आपस में टकरा गए।

न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज डेवोन कॉनवे साथी तेज गेंदबाज मैट हेनरी से टकराने के बाद चोटिल हो गए। यह हादसा मंगलवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में अभ्यास सत्र के दौरान हुआ। दोनों खिलाड़ी एक कैच पकड़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी उनके बीच टक्कर हो गई। इसके बाद मैदान पर मौजूद मेडिकल स्टाफ ने तुरंत दोनों को प्राथमिक उपचार दिया और उनके सिर की चोट का आकलन किया।
अस्पताल ले जाए गए डेवोन कॉनवे, पहले वनडे से बाहर
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि टक्कर के बाद दोनों खिलाड़ियों का हेड इंजरी असेसमेंट किया गया। इसके बाद कॉनवे को आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच में उनके कन्कशन की पुष्टि हुई, जिसके चलते वह भारत के खिलाफ पहले वनडे में नहीं खेल पाएंगे।
मैट हेनरी की स्थिति फिलहाल बेहतर बताई गई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, दोनों खिलाड़ियों की निगरानी जारी रहेगी और सीरीज में उनकी आगे की उपलब्धता को लेकर जानकारी दी जाएगी। यानी हेनरी के पहले वनडे में खेलने की संभावना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
पहले से चोटों से जूझ रही है न्यूजीलैंड की टीम
न्यूजीलैंड के लिए यह झटका इसलिए भी बड़ा है, क्योंकि टीम पहले ही चोटों की समस्या से परेशान है। बल्लेबाज मार्क चैपमैन हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं। वहीं रचिन रवींद्र भी कंधे की चोट के चलते पांच मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
