रणजी ट्रॉफी में दिल्ली ने 41 बार की चैंपियन मुंबई को 8 विकेट से हराया, 42 साल बाद मिली पहली जीत
दिल्ली ने मुंबई के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज कर ली है। 42 साल बाद दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी में मुंबई को हराया है। इससे पहले 1979-80 में दिल्ली को मुंबई के खिलाफ जीत मिली थी।

रणजी ट्रॉफी के 2022-23 सीजन के पांचवे चरण में शुक्रवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। दरअसल, ग्रुप बी के मुकाबले में दिल्ली की टीम ने मुंबई को आठ विकेट से हराकर 42 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। आपको बता दें कि रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की टीम ने 42 साल बाद मुंबई के खिलाफ जीत दर्ज की। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में मुंबई के खिलाफ यह दिल्ली की दूसरी जीत है। इससे पहले दिल्ली ने मुंबई को 1979-80 में हराया था। साथ ही रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में दिल्ली की टीम ने अभी तक कोई जीत दर्ज नहीं की थी।
नियमित कप्तान के बिना खेल रही थी दिल्ली
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली की कप्तानी हिम्मत सिंह कर रहे थे, क्योंकि टीम के नियमित कप्तान यश ढुल बीमार होने के कारण यह मैच नहीं खेल रहे थे। साथ ही टीम के कई तेज गेंदबाज भी चोटिल थे। मैच की बात करें तो दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। मुंबई की टीम पहली पारी में 293 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी। मुंबई की पहली पारी में स्टार बल्लेबाज सरफ़राज खान ने 125 रन की पारी खेली थी।
मुंबई के बल्लेबाजों ने किया निराश
मुंबई के पहली पारी में 293 रनों के जवाब में दिल्ली की टीम ने पहली पारी में 369 रन बनाए थे। दिल्ली की तरफ से वैभव रावल ने सबसे अधिक 114 रन बनाए थे। कप्तान हिम्मत सिंह ने 85 रन की पारी खेली थी। दिल्ली को पहली पारी के आधार पर 76 रन की बढ़त मिली थी। मुंबई ने दूसरी पारी में 170 रन बनाए थे और दिल्ली के सामने 94 रन का लक्ष्य रखा था। इस आसान से लक्ष्य को दिल्ली की टीम ने 16वें ओवर में ही 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। दूसरी पारी में दिल्ली की ओर से वैभव शर्मा ने 36 रन, अर्जुन रावत ने 14 रन बनाए थे। ऋतिक शौकीन (36) और नीतीश राणा (6) रन बनाकर नाबाद रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications