'पूरे भारत में पाकिस्तान के वफादार स्लीपर सेल हैं', इस स्टेडियम को बम से उड़ाने की मिली धमकी
DDCA receives bomb threat: शुक्रवार यानी 9 मई को डीडीसीए (दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ) को एक धमकी भरा ईमेल मिला। धमकी में अरुण जेटली स्टेडियम में विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। यह मेल भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच आईपीएल 2025 के स्थगित होने के बाद आया है। डीडीसीए ने फिलहाल इस धमकी की खबर दिल्ली पुलिस को सौंप दी है।
खत्म नहीं हो रही पाकिस्तान की कायराना हरकतें
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव में लगातार वृद्धि हो रही है। पाकिस्तान की ओर से भारत के रिहाइशी इलाकों पर हमले जारी हैं। भारतीय सेना इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है, लेकिन पाकिस्तान लगातार नए हथकंडे अपना रहा है। इस बीच पाकिस्तान ने एक और कायराना हरकत कर दी है। पाकिस्तान ने दिल्ली के स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी दे दी है। मेल में लिखा गया कि हमारे पास पूरे भारत में पाकिस्तान के वफादार स्लीपर सेल हैं। हम उन्हें ऑपरेशन सिंदूर के लिए सक्रिय करेंगे। हम आपके स्टेडियम को उड़ा देंगे।

धमकी के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हो गई हैं और घटनास्थल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। धमकी से भारत में खलबली मच गई है, क्योंकि ऐसे हमले खेल, शांति, और सुरक्षा पर गंभीर असर डाल सकते हैं। पाकिस्तान के इस कृत्य ने न केवल भारतीय सुरक्षा बलों के लिए एक चुनौती खड़ी की है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता का विषय बन गया है। इस तरह की धमकियों से निपटने के लिए भारतीय सुरक्षा एजेंसियां लगातार अपनी तैयारियों को अपडेट कर रही हैं, ताकि कोई भी अप्रिय घटना न घटे।
अरुण जेटली स्टेडियम में हुए थे कई मुकाबले
आईपीएल 2025 के दौरान कई मैचों में अरुण जेटली स्टेडियम में शानदार खेल देखने को मिला। यह स्टेडियम 11 मई को घरेलू टीम दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले मैच की मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार था। हालांकि, भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे विवाद के कारण टूर्नामेंट को अब एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। बीसीसीआई ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।
दिल्ली पुलिस को मिली जानकारी
धमकी भरे मेल के बारे में तुरंत दिल्ली पुलिस को जानकारी दी गई। टाइम्स ऑफ इंडिया ने डीडीसीए के एक बड़े अधिकारी के हवाले से कहा कि हां, हमें आज सुबह एक धमकी भरा ईमेल मिला है और हमने इसे पहले ही दिल्ली पुलिस को भेज दिया है। उन्होंने कुछ समय पहले ही इस पर कार्रवाई की और स्टेडियम का निरीक्षण किया।












Click it and Unblock the Notifications