DC vs RCB: अपने ही नाम के पवेलियन के सामने विराट कोहली ने पूरे किए 9,000 रन, IPL इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
DC vs RCB Virat Kohli: सोमवार की शाम दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में एक लो स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला। इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में आईपीएल इतिहास के 9,000 रन पूरे कर लिए। यह उपलब्धि इसलिए भी खास रही क्योंकि जिस मैदान पर कोहली ने बचपन में क्रिकेट सीखा, उसी मैदान के विराट कोहली पवेलियन के सामने उन्होंने यह शिखर छुआ।
कोहली ने 9000 रन बनाकर रचा इतिहास (DC vs RCB Virat Kohli)
विराट कोहली आईपीएल के 19 सालों के इतिहास में 9 हजार रनों के जादुई आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। मैच शुरू होने से पहले कोहली को इस आंकड़े के लिए 11 रनों की जरूरत थी। उन्होंने दुष्मंथा चमीरा की गेंद पर स्ट्रेट ड्राइव लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए थे। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल की गेंद पर एक रन लेते ही कोहली ने इतिहास रच दिया। इससे पहले आईपीएल में 6000, 7000 और 8000 रनों का मील का पत्थर सबसे पहले छूने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है।

9 विकेट से आरसीबी को मिली जीत
5 नवंबर 1988 को दिल्ली में जन्मे विराट के लिए यह होम कमिंग जैसा था। जिस पवेलियन को दिल्ली क्रिकेट ने उनके सम्मान में उनका नाम दिया है, उसी स्टैंड के सामने उन्होंने यह कीर्तिमान बनाया। लक्ष्य छोटा था, इसलिए कोहली ने रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए धैर्य दिखाया और उसके बाद टी नटराजन को लगातार दो छक्के जड़कर अपनी टीम को 9 विकेट से जीत दिलाई।
दिल्ली का रहा शर्मनाक प्रदर्शन
मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम बेंगलुरु की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। दिल्ली की पारी महज 16.3 ओवरों में 75 रनों पर सिमट गई। जवाब में बेंगलुरु ने केवल 6.3 ओवरों में 1 विकेट खोकर 77 रन बना लिए। देवदत्त पादिक्कल और कोहली की जोड़ी ने दिल्ली के गेंदबाजों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 13.3 ओवर शेष रहते मैच खत्म कर दिया।
इस धमाकेदार जीत के साथ आरसीबी ने नेट रन-रेट में जबरदस्त सुधार किया है और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष की ओर मजबूती से कदम बढ़ाए हैं। वहीं, अपने घरेलू मैदान पर इतनी बड़ी हार के बाद दिल्ली के लिए प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications