डेविड वॉर्नर आखिरी दो टेस्ट मैच के लिए टीम से हुए बाहर, दिल्ली टेस्ट में कोहनी और सिर पर लगी थी गेंद
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आगामी दो टेस्ट मैचों से बाहर हो गए हैं। दिल्ली टेस्ट के दौरान वॉर्नर की कोहनी में चोट लगी थी।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम को एक और बड़ा झटका लग गया है। दरअसल, टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर सीरीज के दोनों अगले मैचों में नहीं खेलेंगे। दिल्ली टेस्ट के दौरान उनकी कोहनी में लगी चोट काफी गंभीर है, जिसकी वजह से वो दोनों टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाएंगे। जानकारी के मुताबिक, डेविड वॉर्नर की कोहनी में फ्रैक्चर है और इसके इलाज के लिए वो सिडनी रवाना होंगे, लेकिन माना जा रहा है कि वॉर्नर 17 मार्च से शुरू हो रही वनडे सीरीज से पहले भारत लौट आएंगे और टीम का हिस्सा रहेंगे।
सिराज की तेज गेंद पर चोटिल हुए थे वॉर्नर
आपको बता दें कि दिल्ली टेस्ट की पहली पारी के दौरान डेविड वॉर्नर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की एक गेंद पर चोटिल हो गए थे। सिराज की एक तेज गेंद वॉर्नर की कोहनी पर जा लगी थी, जिसके बाद उनके बाएं हाथ की कोहनी में हेयरलाइन फ्रैक्चर हुआ था। इसके बाद सिराज की एक गेंद उनके हेलमेट पर भी लगी थी। इसके बाद तो वॉर्नर को मैदान से बाहर ही जाना पड़ा। वॉर्नर को सिर में तो कोई समस्या नहीं हुई, लेकिन कोहनी की चोट उनकी गंभीर निकली। दिल्ली टेस्ट की दूसरी पारी में वॉर्नर बल्लेबाजी के लिए भी नहीं आ पाए थे।
परिवार के साथ सिडनी लौटेंगे वॉर्नर
डेविड वॉर्नर को लेकर पहले यह माना जा रहा था कि वो इंदौर में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच से पहले जरूर फिट हो जाएंगे, लेकिन उनकी चोट गंभीर निकली है। सोमवार की रात तक वार्नर तीसरा टेस्ट खेलने की कोशिश करने और खेलने के लिए भारत में रहने का इरादा कर रहे थे। लेकिन उनके दर्द और उनकी चोट की समीक्षा करने के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। डेविड वॉर्नर परिवार के साथ सिडनी वापस जाएंगे और हो सकता है कि वनडे सीरीज तक वो वापस भी लौट आएं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज 17 मार्च से शुरू होगी।
ट्रैविस हेड करेंगे पारी की शुरुआत
डेविड वॉर्नर की जगह ऑस्ट्रेलियाई टीम में किसी नए बल्लेबाज को शामिल किए जाने की संभावना नहीं है बल्कि ट्रैविस हेड से ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट ओपनिंग करवाएगा। बता दें कि ट्रैविस हेड ने दिल्ली टेस्ट की दूसरी पारी में वॉर्नर की जगह दूसरी पारी में ओपन किया था। ट्रैविस हेड ने ओपन करते हुए दूसरी पारी 43 रन बनाए थे। आपको बता दें कि ट्रैविस हेड अभी तक एक काउंट्री क्रिकेट मैच और दो फर्स्ट क्लास मैचों में अभी तक ओपनिंग कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications