डेविड वॉर्नर ने भारत दौरे से पहले टीम से बाहर होने के दिए संकेत! खुद को बताया थका हुआ
ऑस्ट्रेलिया की टीम फरवरी के पहले हफ्ते में भारत दौरे पर आएगी और मार्च के अंत तक ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत में ही रहेगी। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया 4 टेस्ट मैच और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी।
ऑस्ट्रेलिया की टीम अगले महीने के शुरुआत में भारत दौरे पर आने वाली है, जहां बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत चार टेस्ट मैच खेले जाएंगे और फिर उसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज भी होगी। ऑस्ट्रेलिया की टीम करीब 2 महीने तक भारत में रहेगी। टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम घोषित हो चुकी है। टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर टेस्ट टीम का हिस्सा हैं और पूरी संभावना है कि वो वनडे सीरीज के लिए भी टीम का हिस्सा रहेंगे। ऐसे में वॉर्नर अगले 2 महीने तक खूब क्रिकेट खेलने वाले हैं, लेकिन ऐसे में भारत दौरे की शुरुआत से पहले ही वॉर्नर ने अपने बिजी शेड्यूल का हवाला देते हुए खुद को थका हुआ बताया है।

थकान के चलते भारत दौरे को मिस करेंगे वॉर्नर!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेविड वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया के घर में ही चल रहे बिजी शेड्यूल से खुद को काफी थका हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया है कि वो इसी थकान की वजह से सोमवार को होने वाले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अवॉर्ड समारोह को भी मिस कर सकते हैं। वॉर्नर के इस स्टेटमेंट के बाद यह अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि क्या वॉर्नर भारत दौरे से भी ब्रेक की मांग कर सकते हैं? बता दें कि डेविड वॉर्नर टी20 विश्व कप के बाद से ही लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। शुक्रवार को उनके होम बिजी शेड्यूल का अंत तब हुआ, जब बिग बैश लीग में उनकी टीम सिडनी थंडर हारकर बाहर हो गई।

4-5 महीने से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं वॉर्नर
डेविड वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अवॉर्ड नाइट से एक दिन पहले यह कहा है कि वह इन दिनों बिजी शेड्यूल के प्रभाव को महससू कर रहे हैं। आपको बता दें कि डेविड वॉर्नर ने पिछले 4-5 महीने के अंदर काफी क्रिकेट खेला है। टी20 वर्ल्ड कप से उनका लगातार क्रिकेट जारी है। 36 साल के डेविड वॉर्नर ने शुक्रवार को बिग बैश लीग का आखिरी मैच खेला। उन्होंने इस सीजन के 6 मुकाबले खेले हैं। इससे पहले उन्होंने जिम्बाब्वे, न्यूजीलैंड, वेस्ट इंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी घरेलू सीरीज खेली हैं।

2023 विश्व कप तक बिजी शेड्यूल है ऑस्ट्रेलिया का
मीडिया से बात करते हुए डेविड वॉर्नर ने कहा है कि पिछले कुछ महीनों से घर में लगातार क्रिकेट खेलना काफी चुनौतीपूर्ण साबित रहा है, मैं काफी थक गया हूं। बता दें कि भारत दौरे पर जाने से पहले डेविड वॉर्नर के पास आराम के लिए बस पांच दिन हैं, इनमें से एक दिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की अवॉर्ड नाइट है। आपको बता दें कि 2023 विश्व कप तक ऑस्ट्रेलिया का शेड्यूल काफी बिजी है। मार्च के अंत तक भारत में रहने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के अधिकतर खिलाड़ी आईपीएल के लिए अप्रैल में फिर से भारत में आएंगे। वहीं विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम फिर से भारत का दौरा करेगी।












Click it and Unblock the Notifications