भारत में आकर भारतीयों को ही धो डाला! डेरिल मिचेल ने तोड़ा 44 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड
Daryl Mitchell: न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल (Daryl Mitchell) ने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में इतिहास रच दिया है। भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में मिचेल ने न केवल शानदार शतक जड़ा, बल्कि एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जिसे पिछले 44 सालों से कोई नहीं तोड़ पाया था। मिचेल अब भारत में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाजों की लिस्ट में एबी डिविलियर्स के साथ खड़े हो गए हैं।
डेरिल मिचेल ने इस 3 मैचों की वनडे सीरीज में कुल 340 रन बना डाले हैं। इसके साथ ही उन्होंने श्रीलंका के रॉय डियास का 1982 का रिकॉर्ड तोड़ दिया। डियास ने भारत में 3 मैचों की सीरीज में 262 रन बनाए थे। मिचेल अब भारत में किसी भी 3 मैचों की द्विपक्षीय सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी बल्लेबाज बन गए हैं।

डिविलियर्स के 'स्पेशल 4' क्लब में एंट्री
मिचेल का भारत में भारत के खिलाफ यह चौथा वनडे शतक है। एबी डिविलियर्स ने 11 पारियों में 5 शतक जमाए हैं। डेरिल मिचेल ने महज 8 पारियों में 4 शतक बना डाले। वह डिविलियर्स के बाद दूसरे ऐसे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने भारतीय सरजमीं पर टीम इंडिया के खिलाफ 4 या उससे ज्यादा शतक लगाए हैं।
ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर मचाई तबाही
एक समय भारतीय गेंदबाजों ने पकड़ बना ली थी, लेकिन ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल की जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजों का 'कीमा' बना दिया। फिलिप्स ने जहां 83 गेंदों में कोहराम मचाया, वहीं मिचेल ने अपनी सधी हुई और आक्रामक पारी से भारत के हाथ से मैच छीन लिया। मिचेल ने इस सीरीज में लगातार दूसरी बार धांसू शतकीय पारी खेली।
जब न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट पर 58 रन था, उस समय मिचेल ने ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर धमाल मचा दिया और स्कोर 277 रनों तक लेकर चले गए। वहां चौथा विकेट फिलिप्स के रूप में गिरा लेकिन वह भी शतक जड़कर आउट हुए। मिचेल के बल्ले से 137 रनों की पारी आई और टीम ने 337/8 का स्कोर हासिल किया।












Click it and Unblock the Notifications