Vaibhav Suryavanshi: मैदान पर छक्के छुड़ाने के बाद वैभव का नया इम्तिहान, IPL से पहले देंगे बोर्ड एग्जाम
Vaibhav Suryavanshi, Class 10th Board Exams: भारतीय क्रिकेट के 'वंडर ब्वॉय' कहे जाने वाले वैभव सूर्यवंशी (vaibhav suryavanshi) इन दिनों दोहरी पिच पर बैटिंग कर रहे हैं। हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दुनिया को हैरान करने वाला यह युवा स्टार अब मैदान के बाद परीक्षा हॉल में अपना जौहर दिखाएगा।
समस्तीपुर के इस उभरते खिलाड़ी के लिए यह समय किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है, क्योंकि एक तरफ सिर पर CBSE 10वीं की बोर्ड परीक्षा है, तो दूसरी तरफ IPL 2026 का रोमांच।

वैभव सूर्यवंशी का नया इम्तिहान
बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले महज 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में इतिहास रचने के बाद अब पढ़ाई के मोर्चे पर मोर्चा संभाल लिया है। वैभव समस्तीपुर के ताजपुर प्रखंड स्थित मॉडेस्टी स्कूल के छात्र हैं, और उनका परीक्षा केंद्र शहर के पोदार इंटरनेशनल स्कूल में पड़ा है।
पोदार इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल नील किशोर ने वैभव की भागीदारी की पुष्टि करते हुए कहा कि,
'क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी हमारे केंद्र से अपनी 10वीं की बोर्ड परीक्षा देंगे। हमने यह सुनिश्चित किया है कि वैभव और अन्य सभी छात्रों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।'
Under-19 World Cup: अंडर-19 वर्ल्ड कप के हीरो हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी का हालिया प्रदर्शन किसी सपने जैसा रहा है। भारत को रिकॉर्ड छठी बार Under-19 World Cup चैंपियन बनाने में उनका सबसे बड़ा हाथ रहा:
- फाइनल में तबाही: इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में वैभव ने मात्र 80 गेंदों पर 175 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली।
- बाउंड्री का बादशाह: अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के जड़े, यानी 150 रन तो सिर्फ बाउंड्री से आए।
- प्लेयर ऑफ द सीरीज: पूरे टूर्नामेंट में 400 से अधिक रन बनाकर वे दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए।
परीक्षा और IPL का 'टाइट शेड्यूल'
वैभव के लिए आने वाले कुछ महीने काफी व्यस्त रहने वाले हैं। 17 फरवरी से उनकी बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, जो 11 मार्च 2026 तक चलेंगी। इसके ठीक बाद 26 मार्च से IPL का आगाज हो रहा है। वैभव राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की जर्सी में अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे।
CBSE बोर्ड परीक्षा 2026 की मुख्य जानकारी:
- परीक्षा की तारीख: 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक।
- समय: सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक।
- नया नियम: इस साल से छात्रों को दो बार बोर्ड परीक्षा देने का विकल्प मिला है। वैभव अगर चाहें तो मई-जून में होने वाली दूसरी परीक्षा में भी अपने अंक सुधारने के लिए बैठ सकते हैं।
चुनौतियों के बीच 'वंडर ब्वॉय' का संघर्ष
अंतरराष्ट्रीय दौरों और क्रिकेट की व्यस्तता के बीच स्कूल और किताबों के साथ तालमेल बिठाना वैभव के लिए बड़ी चुनौती रही है। हालांकि उनका एडमिट कार्ड जारी हो चुका है, लेकिन उनके परिवार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे सभी विषयों की परीक्षा में शामिल हो पाएंगे या नहीं। वैभव के फैंस को उम्मीद है कि जिस तरह उन्होंने मैदान पर गेंदबाजों के छक्के छुड़ाए हैं, उसी तरह वे बोर्ड परीक्षा के 'पेचीदा सवालों' को भी आसानी से बाउंड्री के पार भेजेंगे।












Click it and Unblock the Notifications