'चेतेश्वर पुजारा जैसे बल्लेबाज अब नहीं मिलते', मिचेल स्टार्क की पत्नी ने किया बड़ा खुलासा
Cheteshwar Pujara retires: भारतीय टेस्ट टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने आखिरकार रविवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी। 37 वर्षीय पुजारा का करियर आंकड़ों और जज्बे दोनों के लिहाज से शानदार रहा। उन्होंने भारत के लिए 103 टेस्ट मैच खेले और 7,195 रन बनाए, जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 43.60 रहा और उनका सर्वाधिक स्कोर 206 रन है।
ऑस्ट्रेलिया में रहा दमदार प्रदर्शन (Cheteshwar Pujara retires)
पुजारा की खासियत उनकी धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी थी। वे गेंदबाजों को थकाने की कला में माहिर थे। खासकर ऑस्ट्रेलिया में उनका प्रदर्शन हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने वहां 11 टेस्ट में 993 रन बनाए, तीन शतक और पांच अर्धशतक जड़े और औसत रहा 47.28। 2018-19 की ऐतिहासिक सीरीज में पुजारा ने अकेले 521 रन बनाए, जिसमें तीन शतक शामिल थे। उन्होंने उस दौरे पर 1,258 गेंदों का सामना किया।

स्टार्क की पत्नी एलिसा हीली का खुलासा
ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए पुजारा को आउट करना इतना मुश्किल हो गया था कि कई बार गेंदबाज रणनीति बदल देते थे। इस बात का खुलासा हाल ही में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की कप्तान और मिचेल स्टार्क की पत्नी एलिसा हीली ने किया। उन्होंने कहा कि पुजारा इतना लंबा खेलते थे कि गेंदबाज थक जाते थे और अंत में वे दूसरे छोर के बल्लेबाज को आउट करने पर फोकस करने लगते थे।
'पुजारा जैसे बल्लेबाज मिलना मुश्किल'
हीली ने यह भी कहा कि आज के दौर में पुजारा जैसे बल्लेबाज मिलना मुश्किल है। टी20 क्रिकेट के जमाने में ज्यादातर खिलाड़ी जल्दी रन बनाने की सोचते हैं, जबकि पुजारा का मकसद था क्रीज पर टिके रहना और टीम को मजबूती देना। उन्होंने जो धैर्य और मानसिक मजबूती दिखाई, वह काबिल-ए-तारीफ है। पुजारा जैसे बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट की असली खूबसूरती दिखाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications