रोहित शर्मा बाहर हुए तो ये खिलाड़ी बनेगा शुभमन गिल का जोड़ीदार, सामने आया नाम
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के कोविड पॉजिटिव होने के बाद बहुत से सवाल खड़े हो गए हैं।
नई दिल्ली: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के कोविड पॉजिटिव होने के बाद बहुत से सवाल खड़े हो गए हैं। रोहित अगर इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच में नहीं खेले, तो कप्तानी कौन करेगा? रोहित बाहर हुए, तो ओपन कौन करेगा? कप्तानी को लेकर उपकप्तान जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) का नाम बहुत हद तक तय माना जा रहा है, लेकिन अब टीम मैनेजमेंट को ओपनिंग का विकल्प भी मिल गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानी जाए, तो भारतीय कप्तान के पूरी तरह से एजबेस्टन टेस्ट से बाहर होने के बाद अनुभवी खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) को शुभमन गिल (Shubman Gill) के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है।

चेतेश्वर पुजारा करेंगे ओपनिंग
जी हां, इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट स्पेशलिस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को ओपन करते देखा जा सकता है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने दैनिक जागरण को दिए बयान में इस बात की जानकारी दी। बता दें कि रोहित शर्मा को कोरोना होने के बाद बीसीसीआई ने मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) को उनके कवर के तौर पर भारतीय टीम के साथ जोड़ा है। लेकिन मयंक आउट ऑफ फॉर्म है और उसी वजह से उनकी जगह पुजारा बाजी मार सकते हैं।

सामने आया सूत्र का बयान
सूत्र के मुताबिक, ''मयंक को बेशक रोहित शर्मा के कवर के तौर पर इंग्लैंड भेजा गया है, लेकिन ऐसा लगता है कि पुजारा और गिल ही ओपनिंग करेंगे। गिल के अलावा टीम मैनेजमेंट के पास हनुमा विहारी और केएस भरत के भी ऑप्शन है। विहारी ने 2018 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ओपनिंग की थी और अच्छा खेल भी दिखाया था। वहीं, भरत ने लीसेस्टशायर के खिलाफ अच्छी पारी खेली थी। हालांकि, पुजारा के अवसर ज्यादा नजर आते हैं।''

पुजारा की ओपनिंग से होगा डबल फायदा
चेतेश्वर पुजारा अगर शुभमन गिल के साथ पारी का आगाज करते हैं, तो हनुमा विहारी और श्रेयस अय्यर दोनों खिलाड़ियों को प्लेइंग-11 में मौका मिल सकता है। विहारी को पुजारा की जगह नंबर 3 पर और श्रेयस को नंबर 5 पर खिलाया जा सकता है। फरवरी-मार्च में श्रीलंका के खिलाफ हुई घरेलू टेस्ट सीरीज में पुजारा को ड्रॉप किए जाने के बाद विहारी और अय्यर ने शानदार खेल दिखाया था।
हनुमा विहारी अभी तक खेले 15 टेस्ट मैचों में 35.13 की औसत से कुल 808 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 5 अर्धशतक देखने को मिले हैं। वहीं, श्रेयस अभी तक खेले चार टेस्ट मैचों में 5.43 की औसत से कुल 388 रन बनाने में सफल रहे हैं। श्रेयस 7 पारियों में चार बार 50+ का स्कोर बना चुके हैं।

चेतेश्वर के पास ओपनिंग का अनुभव
टीम इंडिया से ड्रॉप होने के बाद काउंटी क्रिकेट में चेतेश्वर पुजारा ने ससेक्स की ओर से खेलते हुए धमाकेदार प्रदर्शन किया था। 5 मैचों में 120 की बेहतरीन औसत से उन्होंने कुल 720 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से चार शतक देखने को मिले, जिसमें दो दोहरे शतक शामिल थे। एक मैच में तो पुजारा 170 से स्कोर पर नाबाद लौटे थे।
बतौर ओपनर भी पुजारा ने सिर्फ 7 पारियों में 98.75 की बेहतरीन औसत के साथ कुल 395 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक देखने को मिले हैं। 2015 में भी टेस्ट टीम में वापसी करते हुए पुजारा ने श्रीलंका के खिलाफ बतौर ओपनर पहली पारी में नाबाद 145 रन बनाए थे।












Click it and Unblock the Notifications