क्या जडेजा से नाराज चल रहा है सीएसके का टीम मैनेजमेंट, इंस्टाग्राम से अनफॉलो करने पर खुद CEO ने दिया जवाब
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में 58 मैच खेले जा चुके हैं और अभी भी प्लेऑफ के 3 स्थानों के लिये 8 टीमों के बीच जंग जारी है। 15वें सीजन के दौरान लगातार 5 मैच हारने वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बरकरार है और गुरुवार को उसका सामना 59वें मैच में अब तक 9 मैच हार चुकी मुंबई इंडियंस से होने वाला है। हालांकि इस अहम मैच से पहले टीम के पूर्व कप्तान और हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा के आईपीएल से बाहर हो जाने पर बवाल मचा हुआ है।

दरअसल चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने बुधवार को अपने हरफनमौला खिलाड़ी को सीजन के बचे हुए मैचों के लिये रिलीज कर दिया है। टीम मैनेजमेंट ने ऐसा करने के पीछे इस हरफनमौला खिलाड़ी की चोट को कारण बताया है। उल्लेखनीय है कि जब सीएसके की टीम आरसीबी के खिलाफ अपना मैच खेल रही थी तो जडेजा की पसली में चोट आ गई थी, जिसके चलते टीम मैनेजमेंट ने उन्हें रिलीज कर दिया है और अब वो बायोबबल छोड़ कर घर जा सकते हैं।
और पढ़ें: GT vs LSG: प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी गुजरात टाइटंस, लखनऊ को 62 रनों से रौंदा

जडेजा को अनफॉलो करने पर सीईओ ने पहली बार दिया रिएक्शन
हालांकि इस बीच जब खबर आई कि चेन्नई सुपर किंग्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट ने रविंद्र जडेजा को अनफॉलो कर दिया है। इसके तुरंत बाद यह कयास लगाये जाने लगे कि शायद इस हरफनमौला खिलाड़ी और टीम मैनेजमेंट के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है क्योंकि पहले जडेजा से कप्तानी लेकर धोनी को दी गई और उसके एक मैच बाद ही उन्हें चोटिल बताकर बिठा दिया गया और अब उन्हें टीम से रिलीज कर दिया गया है। अफवाहों के बाजार के बीच अब टीम के सीईओ काशी विश्वनाथन ने खुद इस पूरे मुद्दे पर अपनी सफाई दी है और इंस्टाग्राम पर अनफॉलो करने को लेकर अपना पक्ष रखा है। सीएसके के सीआई काशी विश्वानाथन ने साफ किया है कि जडेजा को पूरी तरह से सिर्फ मेडिकल ग्राउंड पर रिलीज किया गया है।

उन्हें बस चोट के आधार पर किया गया है रिलीज
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए काशी विश्वनाथन ने कहा,'सोशल मीडिया को मैं बिल्कुल भी फॉलो नहीं करता हूं। मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि वहां पर क्या चल रहा है। मैं आपको बस एक चीज बता सकता हूं कि मैनेजमेंट की तरफ से कोई दिक्कत नहीं है और सोशल मीडिया पर क्या चल रहा है उस बारे में मुझे कुछ नहीं पता है। जडेजा हमेशा की तरह ही सीएसके के भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। जडेजा को आरसीबी के मैच के दौरान चोट लगी थी जिसके बाद वो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच नहीं खेल पाये थे, हमने उन्हें मेडकल सलाह के आधार पर रिलीज करने का फैसला किया है और वो अब घर जा रहे हैं।'

बेहद खराब रहा है जडेजा का फॉर्म
गौरतलब है कि रविंद्र जडेजा के लिये आईपीएल 2022 का सीजन कुछ खास नहीं रहा है। सीएसके की टीम ने जडेजा को 16 करोड़ रुपये में रिटेन करने का फैसला किया था और टूर्नामेंट शुरू होने से महज 2 दिन पहले उन्हें टीम की कमान सौंप दी। हालांकि कप्तानी न करने का उनका अनुभव सीएसके के शुरुआती मैचों में नजर आया और उसे पहले 5 मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा। इस दौरान उनके प्रदर्शन में भी गिरावट देखने को मिली। जडेजा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बेहद शानदार फॉर्म में चल रहे हैं लेकिन कप्तानी के भार के चलते उन्होंने आईपीएल के 10 मैचों में सिर्फ 116 रन बनाये और 5 विकेट हासिल किये।

हमारे लिये हमेशा अहम रहेंगे जडेजा
सीएसके के सीईओ ने कहा,'अगर आप देखेंगे तो इस आईपीएल में भारतीय क्रिकेट टीम के कई दिग्गज खिलाड़ी इस खराब दौर से गुजर रहे हैं। हालांकि आपको समझना होगा कि फॉर्म कम समय के लिये होती है लेकिन क्लास हमेशा के लिये होती है। हो सकता है कि कप्तानी ने उन पर थोड़ा भार डाल दिया था लेकिन हम उन्हें कभी भी खोना नहीं चाहते हैं। जडेजा एक खिलाड़ी के रूप में हमेशा हमारे लिये अहम हैं और रहेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications