विनेश फोगाट के आरोपों पर बृजभूषण का जवाब, कहा- WFI बिना कारण किसी भी खिलाड़ी को खेलने से नहीं रोकता
Brij Bhushan On Vinesh phogat: भारतीय कुश्ती एक बार फिर विवादों के घेरे में है। स्टार पहलवान विनेश फोगाट और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के बीच चल रही तनातनी अब पात्रता की जंग में बदल गई है। महासंघ ने विनेश को अनुशासनहीनता और वाडा (WADA) के नियमों का हवाला देते हुए 26 जून 2026 तक किसी भी आधिकारिक प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अपात्र घोषित कर दिया है। इस फैसले के कारण विनेश रविवार से गोंडा में शुरू होने वाले सीनियर ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
विवाद को लेकर बोले बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan On Vinesh phogat)
इस पूरे विवाद पर WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने वर्तमान प्रशासन के फैसलों से खुद को अलग करते हुए कहा कि ट्रायल कहां होंगे या कौन खेलेगा, यह मेरा विषय नहीं है। यह महासंघ का काम है। लेकिन अपने अनुभव से कह सकता हूं कि WFI बिना किसी ठोस कारण के किसी एथलीट को प्रतिस्पर्धा करने से कभी नहीं रोकता। महासंघ खिलाड़ियों के भले के लिए बना है। अगर किसी को रोका गया है तो उसके पीछे जरूर कोई गंभीर कारण रहा होगा।

क्या सच में विनेश फोगाट ने नियम तोड़ा?
इस प्रतिबंध के खिलाफ विनेश फोगाट ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के दौरान WFI अध्यक्ष संजय सिंह से मुलाकात की और अपनी बात रखी। विनेश का तर्क है कि उन्होंने कभी किसी एंटी-डोपिंग नियम का उल्लंघन नहीं किया है। विनेश ने पत्रकारों से कहा कि अगर मैंने कोई नियम तोड़ा होता तो नाडा (NADA) या वाडा (WADA) मुझे बैन करता।
मां बनने और विधानसभा सत्र की व्यस्तता के कारण मुझसे केवल एक वेयरअबाउट्स (लोकेशन अपडेट) मिस हुआ था। इसके लिए मैंने वाडा से माफी मांगी और उन्होंने मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए क्लीन चिट दे दी है। जब अंतरराष्ट्रीय महासंघ को कोई दिक्कत नहीं है, तो भारतीय महासंघ क्यों अड़ा हुआ है?
महासंघ का कहना है कि विनेश के खिलाफ वाडा के नियम 5.6.1 (रिटायर्ड खिलाड़ियों की वापसी से संबंधित) के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही अभी लंबित है। 15 पन्नों के कारण बताओ नोटिस में महासंघ ने विनेश को अगले एक साल से ज्यादा समय के लिए अयोग्य ठहराया है। महासंघ के मुताबिक जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, विनेश को मैट पर उतरने की अनुमति नहीं दी जा सकती।















Click it and Unblock the Notifications