IND vs AUS: 'विराट कोहली की तुलना सचिन तेंदुलकर से करना ठीक नहीं', दिग्गज ने बताई ये बड़ी वजह
Brad Hogg on Virat Kohli: भारतीय पूर्व कप्तान विराट कोहली की तुलना अक्सर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से की जाती रही है। कोहली ने हाल ही में टेस्ट में लंबे समय बाद शतक जड़ा था।

Brad Hogg on Virat Kohli: विराट कोहली की गिनती दुनिया के सबसे धुरंधर बल्लेबाजों में होती है। हाल ही में समाप्त हुए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली ने शानदार पारी खेली है। रविवार 12 मार्च को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में 186 रन बनाकर विराट कोहली ने अपने आलोचकों को करारा जवाब देने का काम किया है। कोहली ने इसके साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना 75वां शतक भी पूरा कर लिया है।
ब्रैड हॉग ने कोहली को लेकर कही यह बात
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर ब्रैड हॉग ने लोगों से विराट कोहली की तुलना सचिन तेंदुलकर से नहीं करने को कहा है। हॉग के मुताबिक पहले की तुलना में क्रिकेट में अब काफी बदलाव आ चुका है। टी-20 क्रिकेट के आगमन के बाद से टेस्ट क्रिकेट खेलने का तरीका भी बदल गया है। सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिए 200 टेस्ट मैचों में हिस्सा लिया है। जबकि विराट कोहली ने अब तक सिर्फ 108 टेस्ट मैच खेले हैं।
WTC फाइनल में कोहली करेंगे कमाल
ब्रैड हॉग ने उम्मीद जताई है कि जून में होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में विराट कोहली टीम के लिए दमदार प्रदर्शन करेंगे। हॉग ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा कि उम्मीद है, हम फिर से कोहली का सर्वश्रेष्ठ देखेंगे। मुझे लगता है कि पिछले 2-3 वर्षों में कोहली पर बहुत अधिक दबाव था। कोविड के बाद क्रिकेट मैच काफी खेले जा रहे हैं। इस दौरान कोहली ने कप्तानी भी छोड़ी थी। उनके लिए पिछले दो-तीन साल का समय काफी संघर्ष भरा रहा है।
कोहली की तुलना सचिन तेंदुलकर से करना ठीक नहीं
विराट कोहली की तुलना सचिन तेंदुलकर से नहीं किया जाना चाहिए। सचिन अधिक टेस्ट मैच खेलने में सक्षम थे, और वह अपने करियर के आखिरी दौर में आईपीएल जैसे लीग खेलने के लिए उतरे थे। ऐसे में उनके पास कोहली के मुकाबले में भारत के लिए स्कोर करने के ज्यादा मौके होते थे। हॉग ने कहा कि विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर की तुलना हो ही नहीं सकती है। यह बेकार की बात है, माना जा रहा है कि किंग कोहली सचिन के 100 शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications