'रोहित शर्मा इस समय विराट कोहली से बेहतर बल्लेबाज हैं,' पाकिस्तान से आया बयान
सोहेल खान ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच तुलना करने वाला बयान दिया है, दोनों में से उन्होंने रोहित को बेहतर माना।

Border-Gavaskar Trophy: भारतीय टीम के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही अहम खिलाड़ी हैं। रोहित ने टेस्ट क्रिकेट ज्यादा नहीं खेला है लेकिन सफेद गेंद क्रिकेट में उन्होंने अपनी धाकड़ बल्लेबाजी से दिल जीतने का काम किया है। भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में खेलना है, इससे पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज सोहेल खान की तरफ से बयान आया है। सोहेल खान ने कोहली से बेहतर रोहित शर्मा को बताया है।

रोहित हैं कोहली से बेहतर बल्लेबाज
यूट्यूब पर एक बातचीत के दौरान सोहेल खान ने कोहली और रोहित को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा की कोहली एक बहुत बड़े बल्लेबाज हैं और मैं उनका सम्मान करता हूं। एक गेंदबाज के तौर पर मैं कहना चाहूंगा कि रोहित शर्मा उनसे काफी बेहतर बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा की तकनीक शानदार है और वह गेंद को काफी देरी से खेलते हैं। ऐसा लगता है कि उनके पास काफी समय है।

कोहली फिटनेस के आधार पर बनाते हैं रन
सोहेल खान ने आगे कहा की कोहली फिटनेस के आधार पर रन बनाते हैं। अगर वह 1 रन बनाते हैं तो तुरंत अगला रन बनाने के लिए जाते हैं। रोहित शर्मा ऐसा नहीं करते हैं। वह 1 रन लेते हैं तो दूसरे का प्रयास नहीं करते हैं। रोहित अपने बल्ले से रन बनाते हैं और कोहली बल्ले के अलावा विकेटों के बीच दौड़कर रन बनाते हैं। हालांकि यह अच्छी बात है क्योंकि आप फिट होते हो तो वह दिखता है और ये चीजें अपने आप आ जाती हैं।

रोहित शर्मा की हुई है वापसी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 9 फरवरी से नागपुर में खेला जाएगा। भारतीय टीम इसके लिए जमकर तैयारी कर रही है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंतर्गत यह सीरीज खेली जानी है और भारतीय टीम के लिए काफी है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जाने के लिए भारतीय टीम को यह सीरीज जीतनी होगी। बांग्लादेश दौरे पर रोहित शर्मा नहीं खेल पाए थे क्योंकि वह उंगली की चोट के कारण दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए थे। अब वह फिर से मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications