13 महीनों से टीम इंडिया से बाहर भुवनेश्वर कुमार ने बरपाया कहर, घातक गेंदबाजी कर झटके इतने विकेट
Bhuvneshwar Kumar: खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन से रणजी ट्रॉफी ने काफी सुर्खियाँ बटोरी हैं। कुछ ऐसे खिलाड़ियों ने धमाका किया है, जिनको टीम इंडिया के लिए सलेक्टर्स ने नजरअंदाज कर दिया। कुछ ही दिन पहले सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए चेतेश्वर पुजारा ने नाबाद दोहरा शतक जमाया था।
इस बार एक और वेटरन भारतीय खिलाड़ी ने तहलका मचाया है। भुवेनश्वर कुमार लम्बे समय से भारतीय टीम में नहीं हैं। रणजी ट्रॉफी को अवसर के रूप में लेते हुए भुवी ने धमाका कर दिया है। यूपी के लिए बंगाल के खिलाफ खेलते हुए भुवनेश्वर कुमार ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया है।

यूपी के लिए दूसरी पारी में भुवी ने खतरनाक स्पेल डाला। उन्होंने सौरव पॉल, सायन घोष, सुदीप कुमार, अनुस्तुप मजूमदार और बंगाल के कप्तान मनोज तिवारी को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 12वीं बार 5 विकेट हॉल हासिल किया। पहले दिन के खेल में बंगाल ने 5 ही विकेट गंवाए और सभी भुवनेश्वर कुमार के खाते में गए हैं। दूसरे दिन के खेल में उनके पास और खिलाड़ी आउट करने का मौका रहेगा।
इससे पहले कानपुर में पहले दिन के खेल में बंगाल के गेंदबाजों ने भी कहर ढाया। पहली पारी में घरेलू टीम उत्तर प्रदेश महज 60 ही रनों के कल स्कोर पर आउट हो गई। खास बात यह रही कि भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ ने कहर बरपाते हुए 4 विकेट झटके।
भुवनेश्वर कुमार भारतीय टीम में सफेद गेंद नियमित रूप से खेलते रहे हैं। वह टी20 इंटरनेशनल में 90 विकेट ले चुके हैं, जो भारत की तरफ से सर्वाधिक है। सभी फ़ॉर्मेट की बात की जाए तो भुवनेश्वर ने भारत के लिए कुल 293 विकेट अपने नाम किये हैं। अंतिम बार वह भारत के लिए नैपियर में नवम्बर 2022 में टी20 मुकाबला खेले थे। इसके बाद अब तक वह टीम से बाहर हैं लेकिन इस धमाकेदार प्रदर्शन ने सलेक्टर्स का ध्यान जरुर खींचा होगा।












Click it and Unblock the Notifications