PSL 2022: 4 साल बाद बेन कटिंग ने लिया सोहेल तनवीर से बदला, मिडिल फिंगर दिखाकर किया सेलिब्रेट
नई दिल्ली। कराची और लाहौर के मैदान पर खेली जा रही पाकिस्तान सुपर लीग के 2022 सेशन में मंगलवार को खेले गये मैच में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गये इस मैच में पेशावल जाल्मी और क्वेटा ग्लैडिएटर्स की टीम के बीच मैच खेला गया, जहां पर ऑस्ट्रेलियाई विस्फोटक बल्लेबाज बेन कटिंग और सोहेल तनवीर के बीच जबरदस्त राइवलरी देखने को मिली। इस दौरान बेन कटिंग ने सोहेल तनवीर की गेंदों पर लगातार छक्के ठोंक कर 4 साल पुरानी बात का बदला दिया।

पहली पारी में खेलने उतरी पेशावर जाल्मी की टीम के लिये बेन कटिंग ने 19वें ओवर में सोहेल तनवीर की जमकर पिटाई की और लगातार 3 छक्के जड़ दिये। लगातार 3 छक्के जड़ने के बाद बेन कटिंग ने सोहेल तनवीर को घूरते हुए देखा और दोनों हाथ उठाकर मिडिल फिंगर दिखायी। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे बेन कटिंग की ओर से 4 साल पहले हुई घटना का जवाब माना जा रहा है।
और पढ़ें: 'सॉरी भाई, ले नहीं पाये', IPL की नीलामी में आवेश खान को नहीं खरीद पाने पर भावुक हुए ऋषभ पंत

तनवीर ने की थी मिडिल फिंगर दिखाने की शुरुआत
उल्लेखनीय है कि साल 2018 में कैरिबियन प्रीमियर लीग में गुयान अमेजन वॉरियर्स और सेंट किटस एंड नेविस पैट्रिएटस के बीच एक मैच में तनवीर ने पहले शुरुआत की थी। यहां पर तनवीर गुयाना की टीम से खेल रहे थे और बेन कटिंग पैट्रिएटस की टीम से खेल रहे थे। तनवीर ने इस मैच में बेन कटिंग को बोल्ड करने के बाद डबल फिंगर दिखाकर सेलिब्रेट किया था। इसी घटना के जवाब में जब बेन कटिंग ने मंगलवार को उनकी गेंद पर लगातार 3 छक्के जड़े तो दोनों हाथों से मिडिल फिंगर दिखाकर बदला लिया।

तनवीर को पसंद नहीं आया रिएक्शन
हालांकि सोहेल तनवीर को बेन कटिंग का ये रिएक्शन पसंद नहीं आया और वो उनकी तरफ तेजी से बढ़े, जहां पर लंबी बातचीत के बाद दोनों अपनी-अपनी जगह पर लौट गये। लेकिन यह इसका अंत नहीं था। आखिरी ओवर में नसीम शाह की गेंद पर जब बेन कटिंग ने फिर एक बड़ा शॉट लगाया तो उसे कैच करने वाले तनवीर ही रहे जिसे पकड़ने के बाद इस बायें हाथ के गेंदबाज ने एक बार फिर आपत्तिजनक डबल फिंगर का इशारा कर वापस जाने का इशारा किया। ऑस्ट्रेलिया के इस दिग्गज खिलाड़ी ने पुल शॉट खेलने में मिसटाइम की गलती की और बैकवर्ड प्वाइंट पर खड़े तनवीर आसान सा कैच ले बैठे।
दोनों पर हो सकती है कार्रवाई
गौरतलब है कि भले ही यह घटना दोनों खिलाड़ियों के बीच पुराने स्कोर को सेटल करने के लिये हुई है लेकिन अश्लील इशारे करने के जुर्म में मैच रेफरी की ओर से दोनों पर कार्रवाई की जा सकती है। सोशल मीडिया पर इस घटना ने 2018 की तरह ही एक बार फिर से आग लगा दी है और इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि लाहौर में खेले गये इस मैच में पेशावर जाल्मी ने पहले बल्लेबाजी करते 7 विकेट खोकर 185 रन बनाये जिसमें बेन कटिंग ने महज 14 गेंद खेलकर 4 छक्कों की मदद से 36 रन बनाये। जवाब में क्वेटा ग्लैडिएटर्स के लिये विल स्मिड ने 99 रनों की पारी खेली लेकिन कोई और बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सका। नतीजन पूरी टीम 8 विकेट खोकर 161 रन ही बना सकी और 24 रन से मैच हार गई।












Click it and Unblock the Notifications