वर्ल्ड कप ट्रॉफी देने के बाद BCCI ने उठाया एशिया कप का मुद्दा, ICC में मोहसिन नकवी के खिलाफ एक्शन का ऐलान
BCCI: महिला वर्ल्ड कप जीतने के तुरंत बाद बीसीसीआई ने भारतीय टीम को ट्रॉफी सौंप दी, लेकिन पुरुष टीम के लिए एशिया कप की ट्रॉफी अब भी लापता है। यह विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है क्योंकि एक महीने से ज़्यादा वक्त बीत जाने के बावजूद भारतीय पुरुष टीम को एशिया कप 2025 की ट्रॉफी नहीं मिली है।
ख़बरों के मुताबिक, ट्रॉफी अब भी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के हेड और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नक़वी के पास है, यूएई में ही उसे रखा गया है। दरअसल, भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराया था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने नक़वी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से ही ट्रॉफी बीसीसीआई को सौंपे जाने का मामला लटका हुआ है।

अब बीसीसीआई ने इस मामले को लेकर साफ संकेत दे दिए हैं कि अगर 3 नवंबर तक ट्रॉफी भारत को नहीं सौंपी जाती, तो यह मामला आईसीसी की दुबई में होने वाली अगली बैठक में उठाया जाएगा।
महिला वर्ल्ड कप समाप्त होने के बाद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि आज की जीत के बाद हमारी महिला टीम को तुरंत ट्रॉफी मिल गई। लेकिन जब हमारी पुरुष टीम ने दुबई में एशिया कप जीता था, तब से अब तक ट्रॉफी बीसीसीआई के दफ्तर तक नहीं पहुंची है। 10 दिन पहले हमने एसीसी चेयरपर्सन को पत्र लिखा था, जिसमें ट्रॉफी जल्द से जल्द सौंपने का अनुरोध किया गया था। लेकिन आज तक हमें ट्रॉफी नहीं मिली है।
उन्होंने यह भी कहा कि हम एक दिन और प्रतीक्षा करेंगे। अगर 3 नवंबर तक ट्रॉफी नहीं सौंपी गई, तो दुबई में होने वाली आईसीसी बैठक में यह मामला औपचारिक रूप से उठाया जाएगा। मुझे पूरा भरोसा है कि आईसीसी न्याय करेगी और भारत को उसकी ट्रॉफी जल्द दिलवाएगी।
अब देखना होगा कि मोहसिन नकवी क्या करते हैं, अब तक उन्होंने अपना अड़ियल रवैया दिखाया है लेकिन आईसीसी के सामने उनकी फजीहत होना तय माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications