PAK vs BAN: रिजवान-बाबर के आगे फेल हुआ बांग्लादेश, पाकिस्तान ने 7 विकेट से जीता मैच
न्यूजीलैंड में हो रही ट्राई सीरीज के Pakistan vs Bangladesh मुकाबले में पाकिस्तान टीम ने बांग्लादेश को 7 विकेट से मात दे दी है। ये इस सीरीज का छठा मैच था और बांग्लादेश अभी तक खाता नहीं खोल पाया है। बांग्लादेश को चार में चार हार मिली है जबकि पाकिस्तान ने इतने ही मैचों में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। टॉप पर मौजूद न्यूजीलैंड के पास भी तीन जीत है पर उनका नेट रन नेट बेहतर है। (फोटो सौजन्य- ICC ट्विटर)
Recommended Video

शाकिब अल हसन ने फिर खेली कप्तानी पारी
ये मैच क्राइस्टचर्च में खेला गया जहां पर बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। शांटो केवल 12 और सौम्या सरकार 4 रन बनाकर ढेर हो गए। लेकिन ओपनरों के आउट होने के बाद कप्तान शाकिब अल हसन और लिटन दास के बीच शानदार शतकीय साझेदारी देखने को मिली। शाकिब ने सीरीज का लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया और 42 गेंदों पर 68 रन बनाए। दूसरी ओर दास भी इतनी ही गेंदों पर 69 रन बनाने में कामयाब रहे। बाकी बल्लेबाजों ने कुछ खास नहीं किया और बांग्लादेश की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाने में कामयाबी दर्ज की।
मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम फिर छाए-
गेंदबाजी में नसीम शाह ने वापसी की और चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट लिए। मोहम्मद वसीम जूनियर को दो विकेट मिले। बैटिंग में पाकिस्तान की टीम ने वही किया जिसके लिए वे लंबे समय से जाने जाते हैं और वह है उनकी ओपनिंग जोड़ी जो दुनिया में शायद इस समय बेस्ट है।
मोहम्मद रिजवान ने 56 गेंदों पर 69 और कप्तान बाबर आजम ने 40 गेंदों पर 55 रन बनाकर पहले विकेट के लिए 101 रन जोड़ दिए। इसके बाद तेज रनों की जरूरत को पूरा करने का काम मोहम्मद नवाज ने किया जिन्होंने 20 गेंदों पर 45 रन बनाए।
जाहिर है बांग्लादेश बुरी तरह हारकर ट्राई सीरीज से बाहर हो चुका है। अब न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला कल होने जा रहा है जो क्राइस्टचर्च में ही होगा। मैच दिलचस्प होने की उम्मीद है लेकिन कीवी टीम को जीत का दावेदार माना जा रहा है। इसके बीद ये तीनों ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप में खेलती हुए दिखाई देने वाली हैं।












Click it and Unblock the Notifications