बांग्लादेश प्रीमियर लीग हमेशा के लिए होगी बंद? एक या दो नहीं, आठ मैचों में लगा फिक्सिंग का आरोप
बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) इस समय मैच फिक्सिंग के आरोपों के कारण जांच का सामना कर रही है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने संभावित स्पॉट फिक्सिंग और मैच फिक्सिंग के लिए आठ मैचों को चिह्नित किया है।
क्रिकबज के अनुसार, एंटी करप्शन यूनिट (ACU) द्वारा दस खिलाड़ियों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। इसके अलावा, चार फ्रैंचाइज भी निगरानी में हैं। इन खिलाड़ियों में से छह राष्ट्रीय टीम के लिए खेल चुके हैं, दो अनकैप्ड बांग्लादेशी खिलाड़ी हैं और दो विदेशी क्रिकेटर हैं।

संदिग्ध मैचों की जांच जारी
संदिग्ध मैचों में 6 जनवरी को फॉर्च्यून बारिशाल बनाम राजशाही, 7 जनवरी को रंगपुर राइडर्स बनाम ढाका, 10 जनवरी को ढाका बनाम सिलहट, 12 जनवरी को राजशाही बनाम ढाका, 13 जनवरी को चटगांव बनाम सिलहट, 22 जनवरी को बारिशाल बनाम खुलना टाइगर्स और एक अन्य चटगांव बनाम सिलहट मैच शामिल हैं।
दोषी पाए जाने वाले खिलाड़ियों पर होगी कार्रवाई
बीसीबी अध्यक्ष फारूक अहमद ने कहा कि बीपीएल में गलत आचरण के दोषी पाए जाने वाले किसी भी खिलाड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फारूक ने शुक्रवार को क्रिकबज से कहा कि, 'देखिए, जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, मैं इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं कर सकता, क्योंकि हमें एक प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।'
क्या अब हमेशा के लिए बंद होगा टूर्नामेंट?
दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब बीपीएल पर इस तरह के आरोप लगे हैं। 2014 में, बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मोहम्मद अशरफुल ने बीपीएल 2013 के दौरान स्पॉट फिक्सिंग की बात कबूल की थी और इसके परिणामस्वरूप उन पर आठ साल का प्रतिबंध लगाया गया था। अगर इस बार भी कोई दोषी पाया जाता है तो उस खिलाड़ी के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
बीसीबी अध्यक्ष ने आगे बताया कि टूर्नामेंट के दौरान होने वाली सभी घटनाओं का दस्तावेजीकरण किया जाता है, ताकि बाद में जांच की जा सके। उन्होंने कहा कि, 'पूरी लिस्ट और टूर्नामेंट के दौरान होने वाली सभी घटनाओं को नोट किया जाता है और बाद में जांच की जाती है।'
फारूक ने कहा कि, 'अगर जांच के दौरान कुछ सामने आता है, तो आपको पता है कि सजा काफी कठोर है।' उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि दोषी पाए जाने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। नजमुल हुसैन शांतो की टीम फॉर्च्यून बारिशल भी संदिग्ध मैचों में शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications