बांग्लादेश क्रिकेट में 'तख्तापलट'! खिलाड़ियों के कड़े रुख के बाद नजमुल इस्लाम की छुट्टी, अब शांत होगा बवाल?
Bangladesh Cricket Board: बांग्लादेश क्रिकेट में पिछले कई दिनों से चल रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा आखिरकार खिलाड़ियों की जीत के साथ समाप्त हुआ है। खिलाड़ियों के कड़े विरोध और 'बांग्लादेश प्रीमियर लीग' (BPL) के बहिष्कार की धमकी के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बड़ा कदम उठाते हुए नजमुल इस्लाम को उनके पद से हटा दिया है। नजमुल बोर्ड की शक्तिशाली 'फाइनेंस कमेटी' के चेयरमैन थे।
खिलाड़ियों को कहा गया था देशद्रोही और भारतीय एजेंट (Bangladesh Cricket Board)
विवाद की जड़ नजमुल इस्लाम के वे बयान थे, जिनमें उन्होंने खिलाड़ियों के प्रति बेहद अपमानजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कुछ सीनियर खिलाड़ियों को 'देशद्रोही' और 'भारतीय एजेंट' तक कह दिया था। इन टिप्पणियों से आहत होकर 'क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश' (CWAB) के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने आर-पार की जंग छेड़ दी थी। खिलाड़ियों ने साफ कर दिया था कि जब तक नजमुल बोर्ड में रहेंगे, वे किसी भी क्रिकेट गतिविधि या BPL मैच में हिस्सा नहीं लेंगे।

BCB ने लिया बड़ा फैसला
खिलाड़ियों की एकजुटता को देखते हुए BCB को डर था कि अगर BPL रद्द हुआ तो बोर्ड को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ेगा। स्थिति को संभालते हुए बोर्ड अध्यक्ष ने अपने संवैधानिक अधिकारों (अनुच्छेद 31) का उपयोग करते हुए नजमुल इस्लाम को तत्काल प्रभाव से वित्त समिति के अध्यक्ष पद से मुक्त कर दिया है। BCB ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि संगठन के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए बोर्ड अध्यक्ष ने नजमुल इस्लाम को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त करने का निर्णय लिया है। बोर्ड खिलाड़ियों के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अब बोर्ड अध्यक्ष संभालेंगे कमान
अगली सूचना तक वित्त समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी खुद BCB अध्यक्ष संभालेंगे। बोर्ड ने उम्मीद जताई है कि अब खिलाड़ी वापस मैदान पर लौटेंगे और पेशेवर रुख अपनाते हुए BPL के सफल आयोजन में सहयोग करेंगे। बोर्ड ने जोर देकर कहा कि खिलाड़ियों का हित उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमतौर पर बोर्ड और खिलाड़ियों के बीच के विवादों में बोर्ड भारी पड़ता है, लेकिन बांग्लादेशी खिलाड़ियों के आगे उनके बोर्ड को झुकना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications