ENG vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के बैट्समैन की मैदान पर शर्मनाक हरकत, कैच पकड़ने जा रहे मार्क वुड को दिया धक्का
England vs Australia के बीच पहले टी20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैथ्यू वेड की एक शर्मनाक हरकत मैदान पर देखने को मिली है। वेड की इस हरकत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को देखने के बाद क्रिकेट फैंस ऑस्ट्रेलियाई टीम को जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं। यहां तक कि वेड की इस हरकत को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है। दरअसल, मैथ्यू वेड ने इंग्लैंड के गेंदबाज मार्क वुड को उस वक्त जानबूझकर धक्का दे दिया, जब वो उनका कैच पकड़ने के लिए जा रहे थे।

वेड ने मार्क वुड को दिया धक्का
आपको बता दें कि यह पूरी घटना ऑस्ट्रेलियाई पारी के 17वें ओवर में घटी, जब मैथ्यू वेड बल्लेबाजी कर रहे थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम 209 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और टीम लक्ष्य से दूर थी। 17वें ओवर में मार्क वुड की एक बाउंसर गेंद मैथ्यू वेड के बल्ले से लगकर हवा में उछल गई। इस कैच को मार्क वुड बड़ी आसानी से पकड़ सकते थे, लेकिन मैथ्यू वेड ने जैसे ही मार्क वुड को कैच की ओर बढ़ते हुए देखा तो उन्होंने जानबूझकर इंग्लिश गेंदबाज को धक्का दे दिया, जिससे कि मार्क वुड कैच नहीं पकड़ पाए।

इंग्लैंड टीम ने दर्ज नहीं कराई आपत्ति
मैथ्य वेड की इस हरकत को देखने के बाद इंग्लैंड की टीम हैरान रह गई, लेकिन किसी खिलाड़ी ने अंपायर से 'ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड'की अपील नहीं की, जिसकी वजह से ग्राउंड अंपायर ने इस मामले को थर्ड अंपायर के पास नहीं भेजा। हालांकि इस दौरान जोस बटलर ने जरूर अपील के लिए हाथ उठाए थे, लेकिन किसी अन्य खिलाड़ी ने उनका साथ नहीं दिया, जिस वजह से यह मामला वहीं दब गया।

सोशल मीडिया पर मैथ्यू वेड को पड़ी गालियां
मैथ्यू वेड की यह शर्मनाक हरकत भी इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को जीत नहीं दिला पाई और कंगारू टीम को इंग्लैंड के हाथों 8 रन से हार का सामना करना पड़ा। मैथ्यू वेड भी बाद में 21 रन बनाकर आउट हो गए। मैच के बाद सोशल मीडिया पर मैथ्यू वेड की खूब धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम की भी खिंचाई जा रही है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया टीम को क्रिकेट जगत की सबसे बेईमान टीम का टैग मिला हुआ है। समय-समय पर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने क्रिकेट को शर्मसार किया है।












Click it and Unblock the Notifications