भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले ग्लेन मैक्सवेल फिर हुए चोटिल, मैदान पर वापसी की कर रहे थे तैयारी
भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम 17 मार्च से वनडे सीरीज का आगाज करेगी, लेकिन इस सीरीज से पहले टीम के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल चोटिल हो गए हैं। उन्हें नवंबर में भी चोट लगी थी।

भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलिया की टीम की मुश्किलें कम होने के बजाए बढ़ती ही जा रही हैं। एक तरफ तो बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के हाथ से जाने का खतरा मंडरा रहा है तो वहीं टीम के स्टार खिलाड़ी लगातार चोटिल हो रहे हैं। टेस्ट सीरीज के दौरान पहले ही 4-5 खिलाड़ी चोटिल हैं तो वहीं 17 मार्च से शुरू हो रही वनडे सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल एकबार फिर चोटिल हो गए हैं। दरअसल, ग्लेन मैक्सवेल भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी की तैयारी कर रहे थे। वो मेलबर्न में शेफील्ड शील्ड मैच में विक्टोरिया के लिए खेलते हुए फील्डिंग के दौरान एक कैच पकड़ते वक्त चोटिल हुए हैं।
मेडिकल स्टाफ ने नहीं दी बैटिंग की परमिशन
विक्टोरिया के लिए मैच खेलते हुए ग्लेन मैक्सवेल फर्स्ट स्लीप में कैच लेते वक्त चोटिल हुए हैं। उनकी कलाई में गेंद लगी है। हालांकि अभी यह कहना मुश्किल है कि उनकी चोट कितनी गंभीर है, लेकिन चोट लगते वक्त ग्लेन मैक्सवेल को दर्द से करहाते हुए देखा गया। चोट लगने के बाद उन्हें ग्राउंड से बाहर ले जाया गया। मेडिकल स्टाफ ने मैक्सवेल को विक्टोरिया की दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने की अनुमति नहीं दी। मैक्सवेल के स्कैन से पता चला है कि उन्हें फ्रैक्चर तो नहीं हुआ है, लेकिन अंदरूनी चोट दर्द बहुत दे रही है। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने पर भी अभी फैसला होना बाकि है।
नवंबर से क्रिकेट नहीं खेले हैं मैक्सवेल
आपको बता दें कि ग्लेन मैक्सवेल पिछले साल नवंबर से ही क्रिकेट से दूर हैं। नवंबर हीने में मैक्सवेल एक पार्टी के दौरान गिर पड़े थे। उनके बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ था, जिसके बाद से वो क्रिकेट से दूर थे। इस दौरान मैक्सवेल इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और बिग बैश लीग में नहीं खेले थे। भारत के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज के लिए मैक्सवेल का चयन उनकी चोट की वजह से ही नहीं हुआ था। घरेलू टूर्नामेंट में मैक्सवेल के चोटिल होने का वीडियो इंटरनेट में तेजी से वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications