AUS vs SL: 'करो या मरो' मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया ने बदल दी टीम? दिग्गज की हुई सरप्राइज एंट्री
AUS vs SL T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अगले मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सोमवार को एक बड़ा बदलाव किया। टीम के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को चोटिल तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के स्थान पर आधिकारिक तौर पर मुख्य 15 सदस्यीय टीम में शामिल कर लिया गया है। आईसीसी (ICC) की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाले 'करो या मरो' के मुकाबले से चंद घंटे पहले इस बदलाव को मंजूरी दी।
हेजलवुड की चोट ने बढ़ाई चिंता (AUS vs SL T20 World Cup 2026)
जोश हेजलवुड काफ इंजरी के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलियाई मेडिकल टीम को उम्मीद थी कि वह टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण तक फिट हो जाएंगे, लेकिन ताजा रिपोर्ट के अनुसार वह रिकवरी में विफल रहे। आईसीसी ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि हेजलवुड अब आधिकारिक रूप से इस विश्व कप का हिस्सा नहीं हैं। एक विशेषज्ञ पेसर के जाने से ऑस्ट्रेलिया का गेंदबाजी आक्रमण थोड़ा कमजोर हुआ है, लेकिन स्मिथ की एंट्री मिडल ऑर्डर को मजबूती देने का काम करेगी।

स्टीव स्मिथ की टीम में एंट्री
स्टीव स्मिथ को शुरुआत में कप्तान मिचेल मार्श के कवर के तौर पर श्रीलंका बुलाया गया था। मार्श चोट के कारण पहले दो मैचों से बाहर रहे थे। हालांकि स्मिथ ने फरवरी 2024 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच नहीं खेला है, लेकिन घरेलू क्रिकेट और अन्य टी20 लीग में उनका प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। रविवार को टीम के साथ अभ्यास सत्र में भाग लेने के बाद अब उनके प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना है।
कप्तान मिचेल मार्श की होगी वापसी?
ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए एक और राहत की खबर कप्तान मिचेल मार्श की फिटनेस है। मार्श ने रविवार को नेट्स पर बल्लेबाजी के साथ-साथ रनिंग और फील्डिंग ड्रिल में भी हिस्सा लिया। यदि मार्श और स्मिथ दोनों आज के मैच में खेलते हैं, तो जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली हार के बाद टीम का मनोबल काफी बढ़ेगा।
श्रीलंका के खिलाफ 'करो या मरो' की स्थिति
जिम्बाब्वे के हाथों मिली 23 रनों की हार ने ऑस्ट्रेलिया के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। ग्रुप चरण में बने रहने के लिए ऑस्ट्रेलिया को आज श्रीलंका के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। हार की स्थिति में पूर्व चैंपियन टीम टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications