'भारत की पिचों पर बोलने वाले अब कहां हैं, यही तो पाखंड है, वीरेंदर सहवाग ने ऑस्ट्रेलिया को फटकारा
गाबा में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने दो दिन में मैच जीत लिया। घास से भरी पिच पर बल्लेबाज खेल नहीं पाए। वीरेंदर सहवाग ने इस पर सवाल उठाया है।

Virender Sehwag on AUS vs SA: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दक्षिण अफ़्रीकी टीम की खराब शुरुआत हुई है। पहले टेस्ट मैच में मेहमान टीम को पराजय का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिस्बेन के गाबा में खेले गए इस मैच को महज दो दिन में ही जीत लिया। गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर बल्लेबाजों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दो दिन में मैच समाप्त होने के बाद भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी वीरेंदर सहवाग की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। सहवाग ने मुखर होकर पिच की आलोचना की है।
वीरेंदर सहवाग का तीखा बयान
दक्षिण अफ्रीका की हार के बाद वीरेंदर सहवाग ने तीखे शब्दों में पिच की आलोचना की। सहवाग ने कहा कि 142 ओवर हुए और मैच दो दिनों तक भी नहीं चला। वे (पिचों पर बोलने वाले) यह ज्ञान भी देते हैं कि किस तरह की पिचें होनी चाहिए। अगर यह भारत में होता तो अब तक टेस्ट क्रिकेट का अंत कह दिया जाता। टेस्ट क्रिकेट बर्बाद हो गया आदि न जाने क्या-क्या कहा जाता। यह पाखंड हैरान करने वाला है।
दक्षिण अफ़्रीकी टीम 99 पर आउट हो गई
मैच के दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीका की टीम दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए टिक ही नहीं पाई। मेहमान टीम महज 99 रनों के कुल स्कोर पर ही आउट हो गई। खाया जोंडो ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे जिनके बल्ले से नाबाद 36 रनों की पारी आई। ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट पर 35 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
ट्रेविस हेड पहली पारी में टिके थे
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ट्रेविस हेड एकमात्र बल्लेबाज थे जिन्होंने पहली पारी में टिककर बल्लेबाजी की। उनके अलावा सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। हेड ने 92 रन बनाए। उनको प्लेयर ऑफ़ द मैच भी चुना गया। दक्षिण अफ्रीका पहले खेलते हुए 152 पर सिमट गई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पारी 218 पर समाप्त हुई। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दूसरी पारी में 99 पर आउट हुई और ऑस्ट्रेलिया ने मैच जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications