'सिंदूर उजाड़ने वालों से क्रिकेट क्यों?' IND vs PAK मैच पर फूटा केजरीवाल का गुस्सा, साधा PM मोदी पर निशाना
Asia Cup 2025 IND vs PAK: एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) में भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच रविवार यानी 14 सितंबर को मैच खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस मैच का कड़ा विरोध किया है और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इससे पहले भी इस मुकाबले के होने पर कई दिग्गज अपनी नाराजगी व्यक्त कर चुके हैं।
अरविंद केजरीवाल ने पीएम पर उठाए सवाल (Asia Cup 2025 IND vs PAK)
पार्टी संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि देश में इतना विरोध होने के बावजूद यह मैच क्यों कराया जा रहा है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री जी को पाकिस्तान के साथ मैच कराने की क्या जरूरत है? पूरा देश कह रहा है कि यह मैच नहीं होना चाहिए। फिर भी यह मैच क्यों हो रहा है? क्या यह भी ट्रंप के दबाव में हो रहा है? आखिर आप ट्रंप के सामने कितने झुकेंगे?

सौरभ भारद्वाज ने भी लगाए गंभीर आरोप
अरविंद केजरीवाल के इस बयान के बाद AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ियों द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक विवादित पोस्ट में भारत के तिरंगे का अपमान किया गया और शहीदों की विधवाओं का मज़ाक उड़ाया गया।
मैच से पहले मिली ये चेतावनी
भारद्वाज ने कहा कि जब पाकिस्तान इस तरह की शर्मनाक हरकत कर रहा है, तब भी भारत सरकार पाकिस्तान के साथ मैच कराने पर अड़ी है। यह उन परिवारों का अपमान है जिन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में अपने प्रियजनों को खोया। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि दिल्ली के क्लब, रेस्टोरेंट और पब अगर इस मैच का प्रसारण करेंगे तो उनकी पार्टी इसका विरोध करेगी।
आतंकी हमले में गई थी 26 लोगों की जान
भारद्वाज ने कहा कि AAP कार्यकर्ता ऐसे स्थानों का खुलासा करेंगे ताकि लोग वहां जाना बंद कर दें। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों का पुतला भी जलाया। गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक शामिल थे। इस घटना के बाद से भारत में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा और भी बढ़ गया है।












Click it and Unblock the Notifications