Asia Cup: एशिया कप में पहले से निर्धारित है सुपर 4 की टीमें, जानें भारतीय टीम का स्थान
Asia Cup 2023: एशिया कप शुरू होने में महज एक दिन का समय बचा है। सभी छह टीमों को दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। कुछ मुकाबले पाकिस्तान में खेले जाएंगे और बचे हुए मैच श्रीलंका में होंगे। पाकिस्तान के पास इस टूर्नामेंट की मेजबानी है। भारत द्वारा वहां जाने से मना करने पर वेन्यू श्रीलंका को भी बनाया गया है।
ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान और नेपाल को रखा गया है। ग्रुप बी में श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीमों को रखा गया है। लीग चरण के बाद सुपर 4 के मुकाबले होंगे। इसके कार्यक्रम में पहले से तय है कि किस टीम का कौन सा स्थान होगा।

सुपर चार में पाकिस्तान को ए1 माना गया है। भले ही पाकिस्तान की टीम ग्रुप चरण में 2 नम्बर की टीम रही हो लेकिन उसे नम्बर एक ही माना जाएगा। भारत नम्बर 2 ही रहेगी। पाकिस्तान को लाहौर में खिलाने के लिए ऐसा किया गया है। ए1 का सुपर 4 मुकाबला लाहौर में खेला जाएगा। अगर भारत ए1 रहती है, तो वेन्यू बदलना पड़ेगा। इस वजह से पहले ही ए1 तय किया गया है। ए2 भारत होगी। अगर भारत या पाकिस्तान में से कोई एक टीम क्वालीफाई नहीं करती है, नेपाल वह जगह लेगी।
इसी तरह ग्रुप बी का मामला भी है। ग्रुप बी में 1 नम्बर टीम श्रीलंका और दो नम्बर बांग्लादेश है। अगर दोनों में से कोई टीम क्वालीफाई नहीं करती है, तो अफगानिस्तान की टीम उस जगह आ जाएगी। टीमों की रैंकिंग के आधार पर सुपर चार के स्थान तय किये गए हैं।
सुपर चार से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच 2 सितम्बर को मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद सुपर चार में एक मैच होगा। अगर दोनों टीमें फाइनल के लिए क्वालीफाई करती हैं, तो फिर से मुकाबला होगा। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में तीन मुकाबले होने की उम्मीद की जा सकती है।
गौरतलब है कि बीसीसीआई ने टीम इंडिया को पाकिस्तान भेजने से मना कर दिया था। इसके बाद हाइब्रिड मॉडल के तहत एशिया कप के मुकाबले पाकिस्तान और श्रीलंका में कराने का निर्णय लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications