IND vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले Shreyas Iyer की वापसी, नेट्स पर शुरू की प्रैक्टिस
India vs Bangladesh: भारत और बांग्लादेश के बीच शुक्रवार, 15 सितंबर को एशिया कप 2023 का आखिरी सुपर फोर मैच खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए एक अच्छी खबर मिली है। मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर मैदान पर वापसी कर चुके हैं, और भारतीय खिलाड़ियों के साथ उन्होंने नेट्स पर प्रैक्टिस भी की है।
दरअसल, अय्यर चोट की वजह से पिछले मुकाबले में नहीं खेल सके थे। अय्यर की गैरमौजूदगी में केएल राहुल को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई थी। हालांकि, अब मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर प्रैक्टिस सेशन के दौरान टीम इंडिया में फिर से शामिल हो गए, पीठ में ऐंठन के कारण पिछले सुपर फोर चरण के मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे।

अय्यर ने एशिया कप में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान और नेपाल के खिलाफ भारत के ग्रुप स्टेज मैचों में हिस्सा लिया और पाकिस्तान के खिलाफ 14 रन बनाए। हालांकि, पीठ में परेशानी के कारण वह पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ सुपर फोर मुकाबलों से बाहर हो गए। हालांकि, यह दोनों मैच भारत ने जीत लिए। फिलहाल टीम इंडिया फाइनल में जगह पक्की कर चुकी है।
इन दो मैचों में केएल राहुल ने अय्यर की जगह ली और पाकिस्तान के खिलाफ शतक और श्रीलंका के खिलाफ उपयोगी 39 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया। अब ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन में अय्यर ने कुछ हल्की बल्लेबाजी का अभ्यास किया, जो एक अच्छी खबर है।
अय्यर की निरंतरता, स्पिन गेंदबाजी से निपटने की क्षमता और मजबूत स्ट्राइक रोटेशन ने उन्हें भारत के मिडिल ऑर्डर में प्रमुख खिलाड़ी बना दिया है, और इसमें कोई संदेह नहीं है कि उनकी सेवाएं 5 अक्टूबर से घरेलू मैदान पर आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के दौरान उपयोगी साबित होंगी।
भारत शुक्रवार को सुपर फोर मुकाबले में बांग्लादेश से भिड़ेगा। भारत दो जीत और चार अंकों के साथ अंक तालिका में टॉप पर है। दूसरी ओर, बांग्लादेश अपने दोनों मैच हारकर सबसे निचले पायदान पर है। वहीं आज पाकिस्तान बनाम श्रीलंका के मैच में जो भी टीम जीतेगी उसका मुकाबला फाइनल में भारत से होगा।












Click it and Unblock the Notifications