Asia Cup 2023: टीम में नहीं चुने जाने पर पाकिस्तानी खिलाड़ी ने निकाली भड़ास, मिल सकती है बड़ी सजा!
Asia Cup 2023 Shahnawaz Dahani: 30 अगस्त से पाकिस्तान में एशिया कप का आगाज किया जा रहा है। पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका में भी एशिया कप के मुकाबले खेले जाएंगे। भारत अपने सभी मैच श्रीलंका की सरजमीं पर खेलने वाला है। एशिया कप के लिए अभी भारतीय टीम का ऐलान नहीं किया गया है, जबकि पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों की घोषणा कर दी है।
खिलाड़ी ने किया विवादित ट्वीट: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर खिलाड़ियों द्वारा पक्षपात करने का आरोप लगाया जाता रहा है। पाकिस्तान टीम के युवा तेज गेंदबाज शहनवाज दहानी को एशिया कप टीम में जगह नहीं मिली है। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा लिखा जिसके लिए पीसीबी की तरफ से उन्हें सजा भी दी जा सकती है।

राशिद लतीफ के ट्वीट से शुरू हुआ मामला: पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ ने एशिया कप के लिए टीम ऐलान होने के बाद एक ट्वीट किया। राशिद लतीफ ने पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों का लिस्ट-ए रिकॉर्ड शेयर किया। इस लिस्ट में शहनवाज दहानी का नाम नहीं था। राशिद लतीफ के इस ट्वीट पर दहानी ने लिखा कि लगता है शहनवाज दहानी पाकिस्तानी गेंदबाज नहीं हैं।
मीडिया पर भी साधा निशाना: शहनवाज दहानी ने पाकिस्तानी मीडिया पर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने अपने आंकड़ों को शेयर करते हुए लिखा कि किसी भी एक पत्रकार या क्रिकेट विश्लेषक ने चयनकर्ताओं से ये सवाल पूछने की हिम्मत नहीं की और ना ही इन आंकड़ों को दिखाया। सोशल मीडिया पर शहनवाज दहानी का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है।
एशिया कप के लिए पाकिस्तान की टीम: अब्दुल्लाह शफीक, फखर जमां, इमाम उल हक, बाबर आजम (कप्तान), सलमान अली आगा, इफ्तिखार अहमद, तैयब ताहिर, सऊद शकील (सिर्फ अफगानिस्तान सीरीज के लिए), मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद हारिस, शादाब खान (उप-कप्तान) , मोहम्मद नवाज, उस्मा मीर, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह और शाहीन अफरीदी।












Click it and Unblock the Notifications