Asia Cup 2023: एशिया कप में 1984 से 2022 तक, जानें किस टीम ने कितनी बार अपने नाम किया खिताब
Asia Cup Final, IND vs SL: एशिया कप 2023 के खिताबी मुकाबले को लेकर इंतजार की घड़ियां खत्म हो चुकी हैं। भारत बनाम श्रीलंका का मैच 17 सितंबर यानी रविवार को खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होना है, जोकि भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। इस महासंग्राम से पहले जानते हैं कि एशिया कप के इतिहास में किस टीम ने कितनी बार खिताब अपने नाम किया है।
एशिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेट टूर्नामेंटों में पहला एशिया कप 1984 में यूएई में खेला गया था, जहां भारत ने शानदार जीत दर्ज की थी। इस टूर्नामेंट में श्रीलंका उपविजेता रहा। वर्तमान में कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट का 16वां सीजन चल रहा है, जिसके फाइनल मुकाबले में 9वीं बार श्रीलंका बनाम भारत के बीच भिड़ंत होगी।

एशिया कप में भारत के नाम सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने एशिया कप का पहला फाइनल मैच 1984 में श्रीलंका को हराकर जीता था, और आखिरी बार साल 2018 में दुबई में फाइनल मैच में बांग्लादेश को हराकर खिताब अपने नाम किया था। एशिया कप में सबसे अधिक बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड भारत के ही नाम है। भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा 7 बार (साल 1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010, 2016, 2018) खिताब जीता है। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में भारत की कोशिश आठवीं बार ट्रॉफी अपने नाम करने की होगी।
एशिया कप में दूसरे नंबर पर श्रीलंका का नाम
श्रीलंका की टीम ने एशिया कप का पहला फाइनल मैच 1996 में पाकिस्तान को हराकर जीता था। इसके अलावा उन्होंने आखिरी खिताब भी 2022 में यूएई में खेले गए फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर ही जीता था। टूर्नामेंट में श्रीलंका भारत के बाद दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कुल 6 बार ट्रॉफी अपने नाम की है। श्रीलंकाई टीम 1986, 1997, 2004, 2008, 2014 और 2022 में एशिया कप का खिताब जीत चुकी है।
एशिया कप में तीसरे स्थान पर पाकिस्तान
एशिया कप का खिताब जीतने वालों की लिस्ट में पाकिस्तान तीसरे स्थान पर है। पाक टीम ने अपना पहला फाइनल मुकाबला साल 2000 हजार में श्रीलंका के खिलाफ जीता था। यह मैच बांग्लादेश में खेला गया था। पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट में आखिरी बार ट्रॉफी 2012 में बांग्लादेश को हराकर जीती थी।
बांग्लादेश, अफगानिस्तान और नेपाल ने नहीं जीता कोई खिताब
टूर्नामेंट में अन्य तीन देश- बांग्लादेश, अफगानिस्तान और नेपाल ने अभी तक एशिया कप विजेताओं की लिस्ट में अपना खाता नहीं खोला है। हालांकि, नेपाल को इस साल पहली बार एशिया कप में शामिल किया गया था। दरअसल, इस टूर्नामेंट में 6 टीमें को 2 ग्रुपों में बांटा गया है। फिलहाल, टूर्नामेंट में साल 2023 के विजेता का ऐलान 17 सिंतबर को होने वाले भारत बनाम श्रीलंका के मैच में हो जाएगा।
जानिए किस टीम ने कब जीता एशिया कप का फाइनल
- 1984- भारत (सुनील गावस्कर की कप्तानी में)
- 1986- श्रीलंका (दलीप मेंडिस की कप्तानी में)
- 1988- भारत (दिलीप वेंगसरकर की कप्तानी में)
- 1990/91- भारत (मोहम्मद अज़हरुद्दीन की कप्तानी में)
- 1995- भारत (मोहम्मद अज़हरुद्दीन की कप्तानी में)
- 1997- श्रीलंका (अर्जुन रणतुंगा की कप्तानी में)
- 2000- पाकिस्तान (मोईन खान की कप्तानी में)
- 2004- श्रीलंका (मार्वन अटापट्टू की कप्तानी में)
- 2008- श्रीलंका (महेला जयवर्धने की कप्तानी में)
- 2010- भारत (एमएस धोनी की कप्तानी में)
- 2012- पाकिस्तान (मिस्बाह-उल-हक की कप्तानी में)
- 2014- श्रीलंका (एंजेलो मैथ्यूज की कप्तानी में)
- 2016- भारत (एमएस धोनी की कप्तानी में)
- 2018- भारत (रोहित शर्मा की कप्तानी में)
- 2022- श्रीलंका (दासुन शनाका की कप्तानी में)












Click it and Unblock the Notifications