जब अफरीदी और अख्तर को पंगा लेना पड़ा भारी, IND vs PAK मैच के इन विवादों ने जमकर मचाया बवाल, जानें कब क्या हुआ
Most Controversial Moments, IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच जब भी कोई मैच होता है, फैंस के साथ खिलाड़ियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिलता है। दोनों टीमों के बीच बमुश्किल ही बिना किसी विवाद के कोई मैच हुआ है। दो पड़ोसी देशों के बीच क्रिकेट के दौरान जोश, जुनून और मनोरंजन अपने चरम पर होता है। आइए 14 अक्टूबर को होने वाले भारत-पाक मैच से पहले दोनों टीमों के वनडे इतिहास के 5 सबसे विवादास्पद पलों पर एक नजर डालते हैं।
भारत-पाक मैच का विवाद नंबर-1: जावेद मियांदाद और किरण मोरे
जब साल 1992 के वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के आमने-सामने थे, तब एक नोंक-झोंक ने काफी सुर्खियां बटोरीं थीं। यह पल पाकिस्तान की बल्लेबाजी के दौरान देखने को मिला था जब भारत के विकेटकीपर किरण मोरे की अत्यधिक अपील ने पाकिस्तान के बल्लेबाज जावेद मियांदाद को परेशान कर दिया था। पाकिस्तानी स्टार इतना चिढ़ गया कि उसने भारतीय विकेटकीपर की नकल करने के लिए उन्हीं की तरह छलांग लगा दी। यह पल कैमरे में कैद हो गया।

वेंकटेश प्रसाद ने आमिर सोहेल को किया क्लीन बोल्ड
एक और विवाद भारत बनाम पाकिस्तान के बीच 1996 विश्व कप मैच के दूसरे क्वार्टर फाइनल के दौरान देखने को मिला था। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज आमिर सोहेल ने भारत के तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद की गेंद पर चौका जड़ने के बाद बॉउंड्री की ओर इशारा किया, मतलब था कि वह फिर से गेंद को वहीं पहुंचाएंगे। हालांकि, इसके बाद जो हुआ वह बहुत ही दिलचस्प रहा, क्योंकि प्रसाद ने अगली ही गेंद पर सोहेल के स्टंप उखाड़ दिए।
जब अनजाने में टकराए गंभीर और अफरीदी!
यह घटना 2007 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए एक वनडे मैच के दौरान की है। इस बार विवाद में गौतम गंभीर और शाहिद अफरीदी शामिल थे। दरअसल, गंभीर ने अफरीदी की गेंद पर चौका लगाया तो अफरीदी चिढ़ गए थे और गंभीर की तरफ देखकर कुछ बोलने लग गए। इसके बाद अगली गेंद पर रन लेते वक्त दोनों के बीच टक्कर हो गई। गंभीर को लगा कि अफरीदी ने जानबूझकर ऐसा किया है, और फिर दोनों एक-दूसरे की तरफ बढ़ने लगे। हालांकि, अंपायरों ने बीच में आकर मामले को शांत करा दिया।
ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान हुआ विवाद
भारत-पाक मैच के दौरान चौथा विवाद 2010 में एशिया कप के मुकाबले के दौरान देखने को मिला था। दरअसल, गौतम गंभीर बल्लेबाजी कर रहे थे और स्टंप के पीछे से कामरान अकमल की अत्यधिक अपील ने उन्हें परेशान कर दिया। इसका परिणाम ये हुआ कि ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान दोनों के बीच कुछ कहासुनी हो गई। हालांकि, यहां भी अंपायरों और अन्य खिलाड़ियों ने बीच में आकर दोनों को शांत करा दिया।
जब शोएब अख्तर को हरभजन सिंह ने दिया जवाब
यह विवाद एशिया कप 2010 के एक मैच के दौरान देखने को मिला था। जब शोएब अख्तर ने डॉट बॉल फेंककर हरभजन सिंह को परेशान कर दिया था। अख्तर का मकसद जो भी हो, लेकिन यह निश्चित रूप से पूरा नहीं हुआ क्योंकि झगड़े के कारण हरभजन को छक्के के साथ मैच खत्म करने में मदद मिली। इस दौरान हरभजन दहाड़ते नजर आए। दरअसल, भज्जी की बल्लेबाजी के दौरान अख्तर ने उसके कुछ कह दिया था, जिसका जवाब उन्होंने छक्के के साथ दिया।












Click it and Unblock the Notifications