दुबई में इरफान के सामने आया 'मारो मुझे मारो', बिन मारे ही पठान ने कर दिया चित्त- VIDEO
दुबई, 4 सितंबर: भारत और पाकिस्तान के मुकाबले चाहे कितनी बार भी हो जाए वह हाई वोल्टेज ड्रामा ही साबित होते हैं। यहां पर आपको सारे मसाले देखने को मिलते हैं। क्रिकेट का रोमांच मैदान में होता है और स्टेडियम में फैंस अपनी अपनी जगह से टीमों को जिताने के लिए पूरे जुनून के साथ सपोर्ट लिए मौजूद रहते हैं। एशिया कप एक ऐसे मंच के तौर पर उभरा है जो इन दोनों टीमों के बीच बार-बार मुकाबला को ला रहा है और आज ऐसा ही दूसरा मुकाबला दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है जिसको लेकर फैंस फिर उत्साहित हैं। (कवर फोटो सौजन्य- Momin Saqib इंस्टाग्राम/स्क्रीनशॉट)

भारत व पाक में पलड़ा बराबर
हाल ही के मुकाबलों में यह बात भी साबित होती है कि दोनों टीमें अब टक्कर का मैच खेलती है। पिछले टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान ने भारत को बहुत आसानी से एकतरफा मात दी थी तो इस बार एशिया कप के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने भी पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर बदला ले लिया। हालांकि टीम इंडिया ने यह मैच एकतरफा नहीं खेला था और बाद में पाकिस्तान ने हांगकांग के जिस तरह से हराया है उसके बाद भारत व पाक में पलड़ा बराबर लग रहा है।

इरफान के सामने आया 'मारो मुझे मारो'
आज का मैच रोमांचक हो सकता है और मुकाबले से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर और पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक लेने वाले गेंदबाज इरफान पठान ने अपनी भविष्यवाणी कर दी है। हिंदी कमेंट्री के लिए मशहूर इरफान पठान स्टेडियम में मौजूद चर्चित पाकिस्तानी फैन मोमिन साकिब से मिले।
ये वही साकिब हैं जो बहुत ज्यादा बोलते हैं, खूब जोश में रहते हैं और 2019 विश्व कप में 'मारो मुझे मारो' की वीडियो से चर्चा में आए थे। उस समय भारत ने पाकिस्तान को इतनी बुरी तरह हराया था कि मोमिन का दिल टूट गया था। उन्होंने वीडियो में कई बार कहा- 'मारो मुझे मारो'

मुकाबला तो टीम इंडिया ही जीतेगी
और यह बाद में और यह इतना चर्चित हुआ कि इस फैन की पहचान ही बन गया और आज यह बंदा सोशल मीडिया पर बहुत सक्रिय हैं। एक तरह से सेलिब्रिटी बन चुका है।
साकिब भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान से भी हाथ मिलाते हुए अपनी फॉर्म में नजर आए लेकिन भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने साफ-साफ कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच आज का मुकाबला तो टीम इंडिया ही जीतेगी।

फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना चाहिए
मोमिन ने इरफान पठान से मैच के नतीजे के बारे में बात की तो इरफान पठान ने कहा कि इस बार भी नतीजा रिपीट ही होने जा रहा है। इरफान पठान का मतलब था कि पिछली बार भारत ने इसी एशिया कप में जिस तरह से पाक को हराया इस बार भी वैसा ही रिपीट होने जा रहा है।
मोमिन ने भी हाजिर जवाबी पेश की और कहा कि इरफान पठान कह रहे हैं जो पिछले साल हुआ था वह रिपीट होने जा रहा है। असल में पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की जीत हुई थी।
हालांकि बाद में दोनों इस बात पर सहमत होते हैं कि एशिया कप का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना चाहिए।
आप इस वीडियो को यहां पर देख सकते हैं-
भारतीय टीम में इस समय 2 खिलाड़ी बहुत ही रेड हॉट फॉर्म में चल रहे हैं जो हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव हैं।
हालांकि रविंद्र जडेजा को इस मैच से पहले चोट के चलते एशिया कप से बाहर होना पड़ा है क्योंकि उनको अपने घुटने की सर्जरी करानी होगी। देखना होगा भारत जडेजा के रिप्लेसमेंट के तौर पर प्लेइंग इलेवन में किस खिलाड़ी को चुनता है। स्क्वाड में उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर अक्षर पटेल आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications