इंग्लैंड में मेहमान टीमों ने कब-कब चेज किया सबसे बड़ा टारगेट, एशेज के इतिहास में कितनी 'करीबी' है ये जीत
Australia vs England 2023 Ashes: टेस्ट क्रिकेट कितनी तेजी से बदल रहा है, इसका अनुमान पिछले 1 साल में इंग्लैंड में हो रहे टेस्ट मैचों को देखकर लगाया जा सकता है। इंग्लैंड में 2022 के बाद से 5 बार ऐसा हुआ है जब 275 या उससे ज्यादा का टारगेट सफलतापूर्वक हासिल कर लिया गया है।
यह इंग्लैंड की बैजबॉल अप्रोच को भी दिखाता है, लेकिन कई बार यह वापस पलट कर अंग्रेजों पर खुद ही भारी पड़ सकती है और ऐसा एशेज सीरीज 2023 के एजबेस्टन टेस्ट मैच में देखने के लिए मिला।

इस मुकाबले में पैट कमिंस ने पांचवें और निर्णायक दिन इंग्लैंड के खिलाफ ही तब पलटवार कर दिया, जब ऑस्ट्रेलिया 281 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए अपने 8 विकेट गंवा चुका था और जीत के लिए अभी भी 54 रनों की दरकार थी।
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने ना केवल 281 रनों के टारगेट को हासिल किया, बल्कि वे इंग्लैंड में किसी मेहमान टीम द्वारा टेस्ट मैचों में पांचवे सबसे सफल टारगेट को हासिल करने में भी कामयाब रहे। इंग्लैंड में सबसे बड़ा टारगेट को चेज करने के मामले में ऑस्ट्रेलिया ही नंबर वन है, जिन्होंने 1948 में हेडिंग्ले टेस्ट में 404 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया था।
नंबर दो पर वेस्टइंडीज की टीम है जिन्होंने 1984 के लॉर्ड्स टेस्ट मैच में 342 रनों का पीछा किया था। नंबर 3 पर भी वेस्टइंडीज टीम है, जिन्होंने 2017 में हेडिंग्ले में अंग्रेजो के खिलाफ 322 रन का टारगेट हासिल कर लिया था। नंबर 4 पर साउथ अफ्रीका की टीम है जिन्होंने एजबेस्टन में 2008 में हुए मुकाबले में 281 रनों का ही टारगेट हासिल किया था।
अब आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने नंबर पांच पर एक बार फिर से 2023 में एजबेस्टन में ही 281 रनों के टारगेट को हासिल करके साउथ अफ्रीका का कारनामा दोहरा दिया है।
एशेज के इतिहास में कितनी 'करीबी' है ये जीत
अगर एशेज सीरीज के इतिहास में विकेटों के मामले में सबसे करीबी जीत पर एक नजर डालें, तो भी यह काफी नजदीकी जीत है। सबसे करीबी जीतों में, इंग्लैंड ने 1901 में द ओवल में खेले गए मुकाबले को 1 विकेट से जीता था। एशेज का इतिहास पुराना है इसलिए यह आंकड़े भी 100 साल से ज्यादा पुराने हैं।
ऐसे ही 1907-8 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड फिर से 1 विकेट से जीतने में कामयाब रहा। 100 साल से भी अधिक समय बाद 2019 के हेडिंग्ले टेस्ट मैच में बेन स्टोक्स की चमत्कारी पारी ने ऑस्ट्रेलिया को 1 विकेट से मात दी थी।
अब फिर से 100 साल से भी पुराने वक्त में पहुंच जाते हैं जब इंग्लैंड ने 1890 के ओवल में ऑस्ट्रेलिया को 2 विकेट से मात दी थी। अब बाकी की दो जीते ऑस्ट्रेलिया के नाम हैं, उनमें से एक 1907-8 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में आई थी, जब ऑस्ट्रेलिया 2 विकेट से जीता था। अब एजबेस्टन में 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 2 विकेट से मात दी है।
आंकड़ों को देखकर अंदाजा लगा सकते हैं कि ये ऐसा रिकॉर्ड है, जहां 100 साल पुराने कारनामों को फिर से दोहराया गया है और ये जीत लंबे लंबे समय तक याद रहने जा रही है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications