Ashes 2023: टिम पेन ने बताया, इंग्लैंड की 'बैजबॉल' रणनीति के सामने क्यों 'फायदे' में रहेगा ऑस्ट्रेलिया
Ashes 2023: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान टिम पेन ने बताया है कि कंगारू क्रिकेट टीम ने एशेज 2023 में एजबेस्टन टेस्ट मैच के दौरान इंग्लैंड की बैजबॉल (Bazball) रणनीति को किस तरीके से काउंटर किया है।
पेन का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज के पहले टेस्ट मैच में जो रणनीति अपनाई वह इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टॉक्स से बहुत अलग नहीं थी।

जैसा कि अनुमान था, इंग्लैंड की टीम इस मुकाबले में गेंद और बल्ले दोनों से आक्रामक थी और ऑस्ट्रेलियाई टीम अंग्रेजों की तुलना में थोड़ी कंजरवेटिव थी। लेकिन, चूहे और बिल्ली के खेल में कंगारुओं ने अंतिम बाजी अपने हाथ की और पांच मैचों की लंबी सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली।
SEN पॉडकास्ट पर बात करते हुए पेन ने कहा, 'अगर मैं ईमानदारी से कहूं तो यह बात सबको पता थी कि ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम फील्डिंग में थोड़ी डिफेंसिव होने जा रही है। मेरे ख्याल से वे बेन स्टॉक्स से ज्यादा हटकर नहीं सोच रहे थे।
'बेन स्टोक्स और इंग्लैंड ने कुछ दिलचस्प फील्डिंग लगाई जो अचानक से जीनियस लगने लगी। वहीं आस्ट्रेलिया ने बाउंड्री पर कुछ लोगों को लगाया और अचानक से यह डिफेंसिव लगने लगी। मेरे हिसाब से दोनों टीमों की ओर से साफ रणनीतियां थी, चाहे यह अटैक का मामला हो या डिफेंस का।'
बता दें, एशेज 2023 टेस्ट की शुरुआत में पैट कमिंस की स्क्वायर बाउंड्री पर फील्डरों को रखने को लेकर आलोचना हुई, जबकि स्टोक्स अपनी 'अंब्रेला फील्ड प्लेसमेंट' को लेकर काफी सराहे गए।
पेन का कहना है कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम एक ही तरह का खेल खेलेगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया के पास डिफेंस और आक्रामक दोनों के खेल है। पेन आगे कहते हैं, 'टेस्ट मैच 5 दिन चलता है, तो आपके पास दोनों चीजें होनी चाहिए। एक टेस्ट सीरीज जो 5 मैचों जितनी लंबी है, वहां आपके पास अटैक और डिफेंस दोनों होना चाहिए। हम जानते हैं ऑस्ट्रेलिया के पास यह दोनों हैं और इंग्लैंड केवल एक ही अंदाज में खेल दिखाने वाला है, इसलिए मुझे लगता है यहां पर ऑस्ट्रेलिया के पास एडवांटेज है।'












Click it and Unblock the Notifications