Ashes 2023: इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया? पांचवें दिन किसे मिलेगी जीत, जानिए किसका पलड़ा भारी
England vs Australia, 5th Test, Day 5: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज टेस्ट सीरीज के लिए सोमवार निर्णायक दिन होने वाला है। इस टेस्ट मैच के आखिरी दिन बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम सीरीज पर अपना कब्जा जमाने में सफल हो जाएगी। मैच के चौथे दिन बारिश के कारण पूरे दिन का खेल नहीं हो सका, जिससे दोनों टीम के खिलाड़ी नाखुश नजर आए।
ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 135/0: चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 135 रन बना लिए थे। डेविड वॉर्नर 58 और उस्मान ख्वाजा 69 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। ये दोनों पांचवें दिन ऑस्ट्रेलिया के लिए अपनी साझेदारी को और बड़ा बनाने की कोशिश करेंगे। डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी कर टीम को एक ठोस शुरुआत दिला दी है।

इंग्लैंड को 10 विकेट की जरूरत: इंग्लैंड की टीम चौथे दिन एक भी विकेट हासिल करने में सफल नहीं रही। ऐसे में पांचवें दिन इंग्लैंड के गेंदबाजों की कोशिश ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर हावी होने की होगी। इंग्लैंड को यह मैच जीतकर सीरीज ड्रॉ कराने के लिए 10 विकेट लेने होंगे। वहीं ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 249 रन की जरूरत है।
बारिश फिर डाल सकती है खलल: चौथे दिन की तरह मैच के पांचवें दिन भी बारिश के आसार हैं। बारिश के कारण पहले सेशन का खेल धुल सकता है। अगर ऐसा होता है तो इससे मैच ड्रा होने की संभावनाएं अधिक हो जाएगी। चौथे दिन पहले सत्र का खेल खत्म होने के साथ ही बारिश आई, जिसके बाद पूरे दिन बारिश होती रही, जिस कारण चौथे दिन का खेल आगे नहीं खेला जा सका।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: जैक क्रॉली, बेन डकेट, मोइन अली, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, मार्क वुड, स्टुअर्ट ब्रॉड, जेम्स एंडरसन।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: डेविड वार्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ, ट्रैविस हेड, मिशेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस (कप्तान), जोश हेजलवुड, टॉड मर्फी।












Click it and Unblock the Notifications