Ashes 2021-22: सिडनी टेस्ट में रूट-बटलर ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, धोनी की लिस्ट में हुए शामिल

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज का चौथा मैच सिडनी के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर तीसरे दिन की खराब शुरुआत करने के बाद इंग्लिश टीम ने जॉनी बेयरस्टो (103), बेन स्टोक्स (66) और मार्क वुड की पारियों के दम पर वापसी की। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 416 रनों का स्कोर खड़ा कर पारी को घोषित कर दिया, जिसके बाद रनों का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने तीसरे दिन के पहले ही घंटे में महज 36 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये। ऑस्ट्रेलिया के लिये मिचेल स्टार्क ने पहला विकेट हासिल किया तो स्कॉट बोलैंड के दोहरे झटके से इंग्लैंड की टीम मुश्किलों में पड़ गई, वहीं पर कैमरून ग्रीन ने चौथी सफलता हासिल कर इंग्लिश टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
और पढ़ें: Ashes 2021-22: 37 महीने बाद जॉनी बेयरस्टो ने ठोंका टेस्ट शतक, सिडनी में लगा दी रिकॉर्डों की झड़ी
हालांकि इंग्लैंड के लिये बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो ने पांचवे विकेट के लिये 128 रनों की साझेदारी कर लड़खड़ाने से बचाया। नाथन लॉयन ने बेन स्टोक्स का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ा तो वहीं पर पैट कमिंस ने बटलर का विकेट लेकर इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा दी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड की टीम ने 7 विकेट खोकर 258 रन बना लिये हैं और फिलहाल पहली पारी के स्कोर से 158 रन पीछे चल रहे हैं। इंग्लैंड के लिये कप्तान जो रूट और जोस बटलर इस पारी में बिना खाता खोले डक पर वापस पवेलियन लौटे हैं, जिसकी वजह से उन्होंने टेस्ट क्रिकेट का अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

ऐसा करने वाले दूसरे कप्तान बनें जो रूट
जो रूट ने अपनी पारी के दौरान 7 गेंदों का सामना किया और स्कॉट बोलैंड की गेंद पर स्लिप पर खड़े स्टीव स्मिथ को कैच थमाकर वापस पवेलियन लौट गये। इस दौरान जो रूट अपना खाता भी नहीं खोल सके। जो रूट के करियर में यह 7वां मौका है जब वो बतौर कप्तान पारी में खाता खोलने में नाकाम रहे हैं। इस डक के साथ ही जो रूट इंग्लैंड के लिये सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले दूसरे कप्तान बन गये हैं। इस फेहरिस्त में पूर्व माइकल एथर्टन (8 बार) टॉप पर काबिज हैं। इतना ही नहीं जो रूट ने किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले कप्तान के मामले में डॉन ब्रॉडमैन (5) की बराबरी कर ली है। एशेज के दौरान जहां जो रूट 5 बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 0 पर आउट हुए थे तो वहीं पर डॉन ब्रैडमैन भी इंग्लैंड के खिलाफ 5 बार बिना खाता खोले वापस लौटे थे। इस फेहरिस्त में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग टॉप पर हैं जिन्होंने 6 बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना विकेट खोया था। जो रूट ने अपने करियर की पिछली 50 पारियों में सिर्फ 2 बार ही डक का सामना किया है और दोनों ही डक इसी सीरीज के दौरान आये हैं। जो रूट के आखिरी 5 डक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही आये हैं।

धोनी, डिकॉक, हैडिन की लिस्ट में शामिल हुए जोस बटलर
इंग्लैंड के लिये जोस बटलर भी अपना खाता नहीं खोल सके और अपने करियर में छठी बार पैट कमिंस का शिकार हुए। पैट कमिंस ने अपने करियर में क्रिस वोक्स, चेतेश्वर पुजारा और जो रूट को भी 7-7 बार आउट किया है। वहीं पैट कमिंस के अलावा भारत के इशांत शर्मा ने भी बटलर को 6 बार आउट किया है। बिना खाता खोले पवेलियन वापस लौटने की वजह से इंग्लैंड का यह विकेटकीपर 2001 के बाद से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाला तीसरा इंग्लिश विकेटकीपर बल्लेबाज बन गया है। इस फेहरिस्त में मैट प्रॉयर (13), जॉनी बेयरस्टो (10) का नाम भी शामिल है। वहीं 2011 के बाद से सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले ओवरऑल विकेटकीपर बल्लेबाज की लिस्ट में भी बटलर ने अपना नाम शामिल कर लिया है और वो क्विंटन डिकॉक, एमएस धोनी और ब्रैड हैडिन (7) के साथ संयुक्त रूप से चौथे पायदान पर काबिज हो गये हैं। इस फेहरिस्त में जॉनी बेयरस्टो (10), बीजे वॉटलिंग (9) और शेन डॉरविच (8) का नाम सबसे ऊपर है।

8वीं बार लॉयन का शिकार बने बेन स्टोक्स
इंग्लैंड के लिये 66 रनों की पारी खेलने वाले बेन स्टोक्स को नॉथन लॉयन ने आउट कर वापस पवेलियन भेजा और टेस्ट क्रिकेट में 8वीं बार अपना शिकार बनाया। लॉयन ने अपने करियर में एलिस्टर कुक और टिम साउथी को भी 8 बार आउट किया है जबकि पुजारा और रहाणे को 10 बार पवेलियन भेजा है। वहीं पर इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड और मोइन अली 9-9 बार उनका शिकार बने हैं। हसीब हमीद के लिये रनों का सूखा लगातार जारी है और वो इस सीरीज की पारियों में अब तक सिर्फ 71 रन ही बना सके हैं, जबकि पिछली 5 पारियों में उन्होंने दहांई के आंकड़े को भी पार नहीं किया है।












Click it and Unblock the Notifications